1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बीजेपी के सीनियर नेताओं के साथ सपा के पूर्व सांसद की फोटो वायरल, एसटी हसन को देनी पड़ी सफाई

बीजेपी के सीनियर नेताओं के साथ सपा के पूर्व सांसद की फोटो वायरल, एसटी हसन को देनी पड़ी सफाई

समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन की, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रमुख नेताओं के साथ एक वेटिंग रूम में बैठी हुई तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

सपा नेता एसटी हसन और...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER सपा नेता एसटी हसन और दूसरी तस्वीर में बीजेपी नेताओं के साथ उनकी तस्वीर

मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन की वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो ने एसटी हसन को सफाई देने पर मजबूर कर दिया। सपा सांसद ने बताया कि ये फोटो 29 सितंबर की है, जब वह रेलवे स्टेशन के VIP वेटिंग रूम में वंदे भारत ट्रेन का इंतजार कर रहे थे और ट्रेन दो घंटा लेट हो गई थी। इसी दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र चौधरी और मुरादाबाद के बीजेपी विधायक रितेश गुप्ता और राजपाल सिंह वहां पहुंच गए।

चर्चा का विषय बनी वायरल तस्वीर

वायरल हो रही इस तस्वीर में डॉ. एसटी हसन के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, मुरादाबाद शहर के विधायक रितेश गुप्ता और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह नजर आ रहे हैं। पूरी तरह से विरोधी राजनीतिक खेमों के इतने बड़े नेताओं का एक ही फ्रेम में दिखना और वह भी एक साधारण रेलवे स्टेशन के वेटिंग रूम में आम जनता और राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा का मुख्य विषय बन गया है।  

एसटी हसन ने बताई वायरल फोटो की सच्चाई

एसटी हसन के अनुसार, वह उस समय रेलवे स्टेशन के वीआईपी वेटिंग रूम में बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि बीजेपी नेताओं की भी ट्रेन थी। इसलिए वे भी वीआईपी वेटिंग रूम में आकर बैठ गए। एसटी हसन ने कहा कि जब बीजेपी नेता वहां पहुंचे तब उन्होंने उन्हें देखकर उठकर चले जाना मुनासिब नहीं समझा। इसलिए वो वहां बैठे रहे। सपा नेता ने कहा कि वायरल हो रही तस्वीर उसी मुलाकात की है। उन्होंने यह भी कहा कि वायरल तस्वीर के आधार पर सियासी अटकलें लगाना गलत है। 

सपा नेता ने अटकलों पर लगाया विराम

एसटी हसन ने कहा कि बीजेपी नेताओं के साथ सियासी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आपसी मनभेद नहीं है। राजनीतिक विचारधारा और सियासी मतभेद अपनी जगह हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध भी खराब हों। इसके अलावा भी नेताओं का एक-दूसरे से मिलना-जुलना होता रहता है।

यहां देखें वीडियो

 

दरअसल, 2027 के चुनाव को देखते हुए कुछ लोग अटकले लगा रहे थे कि सपा नेता हसन बीजेपी नेताओं के संपर्क में हैं। हालांकि उन्होंने मीडिया के सामने आकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया और कहा कि वे सपा को छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं।

रिपोर्ट- राजीव शर्मा, मुरादाबाद

ये भी पढ़ेंः  यूपी में MLC चुनाव की मतदाता पर्ची में गड़बड़ी! पिता के नाम की जगह लिखा 'मुर्ख यादव', कहीं पर लिखा 'B.Com'

क्या BJP लगातार चौथी बार जीत पाएगी बुलंदशहर सीट? समझिए UP चुनाव 2027 के सियासी समीकरण