1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में MLC चुनाव की मतदाता पर्ची में गड़बड़ी! पिता के नाम की जगह लिखा 'मुर्ख यादव', कहीं पर लिखा 'B.Com'

यूपी में MLC चुनाव की मतदाता पर्ची में गड़बड़ी! पिता के नाम की जगह लिखा 'मुर्ख यादव', कहीं पर लिखा 'B.Com'

 Reported By: Imran Laeek,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 22, 2026 01:58 pm IST,  Updated : Oct 22, 2026 02:08 pm IST

एमएलसी चुनाव में सपा के प्रत्याशी और वर्तमान एमएलसी डॉक्टर मान सिंह यादव ने मतदाता पर्ची में हुई गड़बड़ी को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता हैं जैसे किसी नें नशा करके लिस्ट बनाई है।

मतदान पर्ची- India TV Hindi
मतदान पर्ची Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में MLC चुनाव की मतदाता पर्चियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और मौजूदा MLC डॉक्टर मान सिंह यादव ने मतदाता पर्चियों में नाम और पिता के नाम से जुड़ी त्रुटियों को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पर्चियों में पिता के नाम की जगह 'B.Com' लिखा है, जबकि एक अन्य पर्ची पर कथित तौर पर 'राम ने यादव को मारा' और पिता के नाम के स्थान पर 'मूर्ख चंद यादव' दर्ज किया गया है। सपा प्रत्याशी ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से भी की है।

'ऐसा लगता है जैसे नशे में बनाई गई मतदाता सूची'

डॉक्टर मान सिंह यादव ने मतदाता पर्चियों में कथित गलतियों पर नाराजगी जताते हुए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पर्चियों में इस तरह की गलतियां गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे किसी ने नशे में मतदाता सूची तैयार की हो। सपा प्रत्याशी ने इन त्रुटियों को लेकर प्रशासन से शिकायत की है और मामले पर ध्यान देने की मांग की है।

वोटिंग को लेकर प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

MLC चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू होना है। प्रशासन ने मतदान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। पोलिंग एजेंटों को बूथों के लिए रवाना किया जा रहा है। मतदाता पर्चियों में गड़बड़ी के आरोपों के बीच प्रशासन का कहना है कि मामूली त्रुटियों के कारण किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाएगा।

50 जोन में बांटा गया जिला

प्रयागराज के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले को 50 जोन में बांटा गया है। सभी जोन में निगरानी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। प्रशासन चुनाव प्रक्रिया पर नजर रख रहा है, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

डीएम ने मतदाताओं से की खास अपील

डीएम ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची या पर्ची में मामूली गलती होने पर किसी को मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। हालांकि, यदि किसी मतदाता का नाम गलती से एक से अधिक बूथों की सूची में दर्ज है, तो वह केवल एक ही स्थान पर मतदान करे। एक से अधिक जगह वोट डालने की कोशिश करने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढें: 

BJP विधायक बृजभूषण राजपूत ने सरेआम बीज गोदाम प्रभारी को मारे थप्पड़, बताया अखिलेश का आदमी-VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।