A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संभल से हुआ गायब, दिल्ली में पेड़ से लटकी मिली बच्चे की लाश; पिता को बेटी के ससुराल वालों पर हत्या का शक

संभल से हुआ गायब, दिल्ली में पेड़ से लटकी मिली बच्चे की लाश; पिता को बेटी के ससुराल वालों पर हत्या का शक

12 वर्षीय बच्चे का शव दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे के पीछे सुनसान जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला। शिनाख्त होने पर परिजन दिल्ली पहुंचे और मृतक की पहचान अपने लाडले के रूप में की।

मृतक गोलू- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक गोलू

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के धनारी थाना क्षेत्र से गत 31 मई से लापता 15 वर्षीय किशोर का शव दिल्ली के आनंद विहार इलाके में पेड़ से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आगरा-मुरादाबाद हाईवे को जाम करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों की कड़ी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद करीब दो घंटे बाद मामला शांत हो सका।

काम सीखने गया था 15 वर्षीय गोलू

जानकारी के अनुसार, धनारी थाना क्षेत्र के गांव बिचपुरी भूड़ निवासी गोलू उर्फ अंशु (15 वर्ष) बहजोई कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुर में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर काम सीखने के लिए जाता था। बीते 31 मई को भी वह दुकान पर गया था, लेकिन शाम तक वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर कोई सुराग न मिलने पर 31 मई को ही पुलिस को उसकी गुमशुदगी की सूचना दे दी थी।

आनंद विहार में पेड़ से लटका मिला शव

लापता किशोर की तलाश के बीच, 2 जून को दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे के पीछे एक सुनसान जंगली इलाके में उसका शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान गोलू उर्फ अंशु के रूप में की। दिल्ली में शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद बुधवार को शव को वापस संभल लाया गया।

जैसे ही किशोर का शव पैतृक गांव बिचपुरी भूड़ पहुंचा, परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर शव रखकर जाम लगाने का प्रयास किया।

मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल और उच्चाधिकारियों को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। लगभग दो घंटे तक चली कड़ी मशक्कत और निष्पक्ष कार्रवाई के ठोस आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

"जो कभी बाहर नहीं गया, वो दिल्ली कैसे पहुंचा?"

मृतक किशोर के पिता ने इस मामले में अपनी बेटी के ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर बेटे के अपहरण और हत्या का सीधा शक जताया है। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटी की ससुराल वालों से पुराना विवाद चल रहा है, जिसका कोर्ट में मुकदमा भी चल है। इसी रंजिश के चलते बेटे को निशाना बनाया गया है। परिवार का यह भी सवाल है कि जो किशोर गांव और आस-पास के क्षेत्र से बाहर नहीं जाता था, वह दिल्ली तक कैसे पहुंचा।

पुलिस का कहना है कि किशोर 31 मई से लापता था और उसका शव दिल्ली में मिला है। पिता द्वारा लगाए गए आरोपों और अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल, मामले में मौत के कारण और परिस्थितियों को लेकर जांच जारी है।

(रिपोर्ट- रोहित व्यास)

ये भी पढ़ें-

प्रेमी के साथ रह रही थी मां, सनकी ने 4 साल के मासूम की पीट-पीटकर की हत्या

जम्मू-कश्मीर को राज्य बनाने की मांग पर घमासान तेज! उमर अब्दुल्ला के विधायक करेंगे दिल्ली कूच, दर्ज कराएंगे अपना विरोध