1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हाईवे पर सेल्फी लेना पड़ा भारी, ट्रक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, चार की मौत, तीन घायल

हाईवे पर सेल्फी लेना पड़ा भारी, ट्रक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, चार की मौत, तीन घायल

वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार तड़के सेल्फी लेना चार लोगों के लिए मौत का कारण बन गई।स्कॉर्पियो में कुल 7 लोग सवार थे।

Road Accident- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ट्रक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर

वाराणसी में हाईवे पर कुछ पल तस्वीरें खिंचवाने के लिए रुका सफर सात लोगों के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गया। विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद लौट रहे दोस्तों ने सोमवार सुबह प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर ओवरब्रिज के पास स्कॉर्पियो रोकी और सेल्फी लेने लगे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने गाड़ी और वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास नेशनल हाईवे-19 पर हुई। जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सात लोग सवार थे। सोमवार सुबह करीब 6 बजे सभी ओवरब्रिज पर गाड़ी रोककर नीचे उतर गए थे। बताया जा रहा है कि वे रेलिंग के पास खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे, तभी पीछे से आए ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

टक्कर के बाद ओवरब्रिज से नीचे गिरे लोग

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के दौरान दो लोग ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में अमन यादव, गोलू और आलोक मिश्रा के नाम सामने आए हैं। हालांकि, चौथे मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों में कन्हैया यादव और निखिल कुमार की पहचान हुई है, जबकि एक अन्य घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि चालक का पता लगाया जा सके। स्कॉर्पियो के अंदर प्रसाद के डिब्बे, नारियल और चुनरी भी मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि सभी विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद वाराणसी लौट रहे थे। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार हाईवे पर रुककर सेल्फी ले रहे थे, लेकिन दुर्घटना की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

CM ने लिया संज्ञान

इस हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान सामने आया है। CMO ने बयान जारी कर बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के मिर्जामुराद में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है। सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

(रिपोर्ट: अश्वनी त्रिपाठी)

यह भी पढ़ें:

दोस्त की पत्नी से करना चाहता था शादी, 2 लाख रुपय की सुपारी देकर मरवाया; 2 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए

बुजुर्ग को खींचकर पानी में ले गया मगरमच्छ, 24 घंटे बाद नदी किनारे मिला शव; देखें VIDEO