1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में शर्मसार करने वाली घटना, 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार

कानपुर में शर्मसार करने वाली घटना, 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक पड़ोसी युवक ने 5 साल की बच्ची को नमकीन का लालच देकर अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। इस मामले पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Kanpur Accused got arrested- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में आरोपी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। थाना शिवराजपुर क्षेत्र के एक गांव में एक पड़ोसी युवक ने 5 साल की मासूम बच्ची को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। आरोपी ने बच्ची को नमकीन खिलाने का लालच देकर अपने पास बुलाया और इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता चलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले शोभित नाम के एक युवक ने मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाने की साजिश रची। आरोपी ने बच्ची को नमकीन खिलाने का लालच दिया और उसे फुसलाकर अपने कमरे में ले गया। कमरे में पहुंचते ही आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और बच्ची के साथ गलत काम किया।

रोते हुए घर पहुंची मासूम बच्ची

दरिंदगी के बाद आरोपी ने बच्ची को छोड़ दिया। मासूम रोती-बिलखती और बुरी तरह सहमी हुई अपने घर पहुंची। बच्ची की इस हालत को देखकर परिजन घबरा गए और जब उन्होंने उससे प्यार से पूछा, तो मासूम ने रोते-रोते पूरी आपबीती सुनाई। बच्ची की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। बिना देर किए परिजन तुरंत शिवराजपुर थाने पहुंचे और आरोपी पड़ोसी शोभित के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को किया गिरफ्तार

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई। बिल्हौर के एसीपी अंकित कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस की एक विशेष टीम ने तुरंत छापेमारी कर आरोपी शोभित को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। वहीं पीड़ित बच्ची को मेडिकल टेस्ट के लिए अस्पताल भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कानपूर से ज्ञानेंद्र शुक्ला की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें:

हाईवे पुल के नीचे मिली सिर कटी लाश, 100 मीटर दूर मिला सिर, कृत्रिम पैर पहचान की अहम कड़ी

बागपत में युवक की लाश मिलने से मचा हड़कंप, बंधे हुए थे हाथ-पैर, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका