देवरिया में समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में मंगलवार को उस वक्त अजीब स्थिति बन गई, जब शिवपाल यादव के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं की भीड़ मंच पर उमड़ पड़ी। शिवपाल से मिलने और उनके स्वागत की होड़ में मंच पर इतनी भीड़ जमा हो गई कि वहां बैठने की जगह तक नहीं बची। हालात ऐसे बने कि सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर और सुल्तानपुर के सांसद राम भुआल निषाद को मंच से उतरकर पीछे की कतार में बैठना पड़ा।
मंच पर उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़
दरअसल, समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल यादव मोहन सिंह की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने देवरिया पहुंचे थे। उनके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए मंच पर चढ़ गए। देखते ही देखते मंच कार्यकर्ताओं से भर गया और वहां मौजूद नेताओं के लिए भी जगह कम पड़ गई।
भीड़ और धक्का-मुक्की के बीच सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर और सुल्तानपुर सांसद राम भुआल निषाद को मंच से नीचे उतरना पड़ा। दोनों सांसदों ने बाद में पीछे की कतार में जाकर अपनी जगह बनाई। इसी दौरान मीडिया कर्मियों ने जब सांसदों की ओर कैमरा किया तो मंच से उन्हें दोबारा ऊपर बुलाने का ऐलान किया गया। हालांकि, मंच पर पहले से मौजूद कार्यकर्ताओं की भीड़ के कारण वहां बैठने की व्यवस्था फिर भी सहज नहीं हो सकी।
शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को दी नसीहत
मंच संभालने के बाद शिवपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अनुशासन के साथ काम करें तो वर्तमान सरकार को हटाने में ज्यादा देर नहीं लगेगी। उनके इस बयान के साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन और अनुशासन का महत्व भी समझाया।
कार्यक्रम के दौरान शिवपाल यादव से ओमप्रकाश राजभर के एक बयान को लेकर सवाल किया गया। राजभर ने कहा था कि सपा की ओर से PDA रथ को भगवा रंग में रंगे जाने की बात लोगों को रामभक्तों पर गोली चलाए जाने की याद दिलाएगी। इस पर शिवपाल यादव ने राजभर पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर का दिमाग खिसक गया है। इनको अच्छे डॉक्टर की जरूरत है। अगर उनके पास अच्छा डॉक्टर नहीं है तो सलाह लें, हम डॉक्टर बता देंगे।
(रिपोर्ट: विनोद)
यह भी पढ़ें:
कन्नौज में छात्रा का अपहरण कर खिलाई चूहेमार दवा, सड़क किनारे फेंका, इलाज के दौरान मौत, मृतका ने लिए 3 नाम
'युवा रोजगार पाने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बने, सरकार ने अवसरों के नए दरवाजे खोले', CM योगी का संदेश