1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद के खोड़ा में सनसनी, बंद कमरे में फंदे से लटके मिले मां-मासूम बेटी के शव, पति पुलिस हिरासत में

गाजियाबाद के खोड़ा में सनसनी, बंद कमरे में फंदे से लटके मिले मां-मासूम बेटी के शव, पति पुलिस हिरासत में

गाजियाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां किराए के कमरे में 28 वर्षीय महिला और उसकी 3 साल की मासूम बेटी के शव एक ही फंदे से लटके मिले। इस घटना के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Ghaziabad Police- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT गाजियाबाद पुलिस

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में एक बहुत दुखद घटना घटी है। यहां शंकर विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम एक कमरे के अंदर 28 साल की महिला और उसकी 3 साल की छोटी बच्ची के शव एक ही फंदे से लटके मिले। जैसे ही लोगों को मां-बेटी की मौत की खबर मिली, पूरे इलाके में डर और हड़कंप मच गया।

क्या है पूरा मामला?

गाजियाबाद के शंकर विहार में सोनू नाम का आदमी अपनी पत्नी प्रीति (28 साल) और 3 साल की बेटी अक्षिता के साथ किराए के कमरे में रहता है। वह मैक्स अस्पताल में काम करता है। शुक्रवार शाम सब कुछ ठीक था और सोनू पास ही पीने का पानी लेने गया हुआ था। जब वह पानी लेकर लौटा, तो कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा तो उसकी पत्नी और मासूम बच्ची दोनों एक ही फंदे से लटकी हुई थीं। यह देखते ही सोनू चिल्लाने लगा, जिसे सुनकर आसपास के पड़ोसी आ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को फोन किया।

खबर मिलने पर खोड़ा थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने फंदे से दोनों शवों को नीचे उतारा और कमरे की अच्छी तरह से जांच-पड़ताल की। मामला गंभीर होने के कारण बड़े पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि पुलिस हर तरफ से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच और कमरे की हालत देखकर ऐसा लग रहा है कि महिला ने पहले अपनी 3 साल की मासूम बेटी को फंदे पर लटकाया या मार दिया, और फिर खुद भी फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआती अंदाजा है और अभी किसी पक्के नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता।

एसीपी सूर्य बली मौर्य ने दी पूरी जानकारी

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्य बली मौर्य ने बताया कि इमरजेंसी नंबर (UP-112) के जरिए पुलिस को मां-बेटी की संदिग्ध मौत की जानकारी मिली थी। खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस पति अनिरुद्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

VIDEO: 90 की रफ्तार... बगल वाली सीट से ड्राइविंग, नेशनल हाईवे पर ऑडी में युवती का 'मौत वाला स्टंट'

जमानत पर पर छूटे थे RLD जिलाध्यक्ष के 4 भाई, समर्थकों ने किया स्टंट और आतिशबाजी; 15 गिरफ्तार, 8 वाहन सीज