1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कार ड्राइवर ने भरवाया 3 हजार का पेट्रोल और बिना पैसे दिए यूं गया भाग, CCTV में रिकॉर्ड हुई वारदात

कार ड्राइवर ने भरवाया 3 हजार का पेट्रोल और बिना पैसे दिए यूं गया भाग, CCTV में रिकॉर्ड हुई वारदात

सीतापुर में एक ड्राइवर, कार में पेट्रोल डलवाकर बिना पैसे दिए भाग निकला। इस पूरी घटना वीडियो पेट्रोल पंप पर लगे CCTV में कैद हो गया। पेट्रोल पंप मालिक ने इसको लेकर पुलिस से शिकायत की है।

Sitapur Petrol Pump Theft- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सीतापुर में कार में पेट्रोल डलवाकर भागा ड्राइवर।

यूपी के सीतापुर में एक कार चालक ने तीन हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया और रुपये देने के बजाय गाड़ी लेकर भाग गया। पेट्रोल पंप कर्मियों ने कार का पीछा किया लेकिन वह कार को रोक नहीं पाए। पेट्रोल डलवाकर कार चालक के भागने की घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस घटना को लेकर पेट्रोल पंप के मैनेजर ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस, सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से कार का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

सुबह करीब 3 बजे पेट्रोल पंप पर हुई घटना

यह पूरा मामला मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के बर्मी पेट्रोल पंप का है। बर्मी चौराहा स्थित एचपी कंपनी के महेश फिलिंग सेंटर पर सुबह करीब 3 बजे एक अर्टिगा कार आई। जिसके चालक ने कार में करीब 3 हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया। भुगतान का समय आया तो वह बिना पैसे दिए कार को तेज रफ्तार में ले जाकर भाग गया। रविवार रात की घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पैसे मांगते ही तेजी से कार भगाकर ले गया ड्राइवर

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार में पेट्रोल पंप कर्मी पेट्रोल डाल रहा है। पेट्रोल डालने के बाद पेट्रोल पंप कर्मी कार की टंकी का ढक्कन बंद करने के बाद रुपये मांगता है। वह कुछ देर कार के दरवाजे के पास खड़ा दिखता है। इसी बीच कार चालक बिना रुपये दिए तेजी से कार चलाकर भाग जाता है। फिर, पेट्रोल पंप कर्मी कार के पीछे दौड़ते हुए दिखते हैं लेकिन वह कार को पकड़ नहीं पाते हैं।

कार को रोक नहीं पाए पेट्रोल पंप कर्मचारी

पेट्रोल पंप मैनेजमेंट के अनुसार, कार में करीब 3 हजार रुपये का पेट्रोल भरने के बाद कर्मचारी ने चालक से भुगतान करने को कहा। आरोप है कि चालक ने पैसे देने के बजाय कार स्टार्ट की और तेज गति से मौके से भाग गया। कर्मचारियों ने कार का पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पकड़ में नहीं आया।

CCTV फुटेज में नहीं दिखा कार का पूरा नंबर

पंप कर्मचारियों के मुताबिक, कार का नंबर वीडियो में दिखाई दिया है। नंबर प्लेट का पूरा हिस्सा स्पष्ट नहीं हो सका। ऐसे में कार और उसके चालक की पूरी पहचान पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। पेट्रोप पंप के मैनेजर ने पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर कार की पहचान और आरोपी चालक का पता लगाने का प्रयास कर रही है। कुछ महीने पहले, मथुरा में गाड़ी में बैठाकर लूटने वाले लुटेरों से पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। ये बदमाश पंप से पेट्रोल भरवाकर भी भाग जाते थे।

(इनपुट- मोहित मिश्रा)

ये भी पढ़ें- नाइट क्लब में आपस में भिड़ गए दर्जन भर युवक, 1 का सिर फटा, खूब चलीं बोतलें और कुर्सियां; वीडियो वायरल