Mathura Encounter: उत्तर प्रदेश में मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, लूट की नगदी और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। जानें ये पूरा मामला क्या है।
पुलिस ने रोका तो बदमाशों ने कर दी फायरिंग
पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर जैंत थाना पुलिस ने आझई गांव जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। इसी दौरान एक संदिग्ध XUV 500 कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली 21 साल के आरोपी वरुण के बाएं पैर में लग गई और वह घायल हो गया। वह थाना नौहझील के वलीपुर का रहने वाला था। मौके से एक नाबालिग आरोपी को भी पकड़ा गया।
गाड़ी में बैठाकर करते थे लूटपाट
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी, सवारियों को गाड़ी में बैठाकर लूटपाट करते थे और पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर बिना भुगतान किए फरार हो जाते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और लूट के 1100 रुपये बरामद किए हैं।
कार पर लगा रखी थी फर्जी नंबर प्लेट
साथ ही, वारदात में इस्तेमाल की गई XUV 500 कार भी जब्त की गई, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर इनके साथ कुछ और लोग भी शामिल हैं तो उन्हें भी पकड़ा जाएगा।
(इनपुट- विपिन सारस्वत)
ये भी पढ़ें- रावण के मंदिर के रेकी कर डेटा भेजा पाकिस्तान, पुलिस ने पकड़े 2 जासूस; यूं हुआ मकसद का खुलासा