1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ओवरटाइम में शराब नहीं मिली तो काट दी ठेके की बिजली, CCTV फुटेज आया सामने; जांच में जुटी पुलिस

ओवरटाइम में शराब नहीं मिली तो काट दी ठेके की बिजली, CCTV फुटेज आया सामने; जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में ओवरटाइम के समय शराब नहीं देने पर ठेके की बिजली काटने का मामला सामने आया है। ठेके के मालिक ने पुलिस से मामले की शिकायत की है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शराब नहीं मिलने पर काट दी बिजली सप्लाई।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT शराब नहीं मिलने पर काट दी बिजली सप्लाई।

सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शराब के ठेके पर कथित तौर पर बिजली आपूर्ति काटे जाने का मामला सामने आया है। ठेका संचालक ने आरोप लगाया है कि ओवरटाइम में शराब देने से इनकार करने पर कुछ कथित बिजली कर्मियों ने नाराज होकर ठेके की बिजली लाइन काट दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

सीढ़ी लेकर आए थे आरोपी

बताया जा रहा है कि घटना 2 जून की देर रात की है, जबकि रविवार सुबह इसका सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में सहारनपुर के दिल्ली रोड पर आईटीआई के सामने स्थित शराब के ठेके पर चार लोग दो मोटरसाइकिलों पर सीढ़ी लेकर पहुंचते दिखाई देते हैं। इसके बाद एक व्यक्ति बिजली के खंभे पर चढ़कर बिजली की लाइन काटता नजर आता है। वीडियो वायरल होने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।

शराब नहीं देने पर काटी बिजली

ठेका संचालक का कहना है कि उसके प्रतिष्ठान का बिजली बिल नियमित रूप से जमा किया जाता है और किसी प्रकार का कोई बकाया नहीं है। इसके बावजूद कथित रूप से निजी नाराजगी और ओवरटाइम शराब न मिलने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई। संचालक ने इस कार्रवाई को अधिकारों के दुरुपयोग का मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज

पीड़ित ने संबंधित थाने में तहरीर देकर चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसका कहना है कि यदि सरकारी कर्मचारी निजी स्वार्थ के लिए अपने अधिकारों का इस्तेमाल करेंगे तो इससे आम जनता का व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा। उसने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने

फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही वायरल सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वीडियो में दिखाई दे रहे लोग वास्तव में बिजली विभाग के कर्मचारी हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, बिजली विभाग की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। (इनपुट- खालिद हसन)

यह भी पढ़ें-

पत्नी ने टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन देकर की पति की हत्या, पहले बिल्डिंग से धकेलकर मारने की कोशिश की थी