1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, छात्रों से मांग ली बीड़ी, वीडियो आने के बाद तत्काल कर दिया निलंबित

शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, छात्रों से मांग ली बीड़ी, वीडियो आने के बाद तत्काल कर दिया निलंबित

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 03, 2026 09:13 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 09:13 pm IST

नर्मदापुरम जिले में एक शिक्षक शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच गया। आरोपी शिक्षक ने छात्रों के साथ भी बदसलूकी की जिसके बाद उसे निलंबित कर दिया गया है।

Gopal Giri Goswami- India TV Hindi
शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी Image Source : IMAGE SOURCE-INDIA TV

कहते हैं कि शिक्षक साधारण नहीं होता, प्रलय और निर्माण दोनों ही उसकी गोद में खेलते हैं। लेकिन क्या हो जब किसी शिक्षक की मति इतनी भ्रमित हो जाए कि सुबह सवेरे ही शराब चढ़ाकर स्कूल पहुंचे। इतना ही नहीं स्कूल के छात्रों से बीड़ी मांगे और नशा जब गुलाबी से पीक पर पहुंचे तो वहीं कक्षा की जमीन पर ही चित हो जाए। ठीक ऐसा ही हुआ है मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में। यहां शासकीय प्राथमिक शाला रतिबंदर में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वे शराब के नशे में धुत कक्षा में धूल चाटते दिख रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए गोपाल को निलंबित कर दिया है। 

छात्रों के साथ बदसलूकी के लगे आरोप

 शिक्षक गोपाल पर नशे की हालत में विद्यालय पहुंचने, विद्यार्थियों के साथ मारपीट करने, बच्चों से बीड़ी मंगवाने, अभद्र व्यवहार करने और एक छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत करने के भी आरोप लगाए गए हैं। 

वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने पर जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जिला शिक्षा विभाग ने शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

मामले की हो रही विस्तृत जांच

शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और विद्यालय का माहौल सुरक्षित बना रहे। फिलहाल आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच पूरी होने के बाद विभाग आरोपी शिक्षक के खिलाफ क्या अंतिम कार्रवाई करता है। लेकिन इस वायरल वीडियो पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और इस तरह के व्यवहार को भी बेहद शर्मनाक बताया है। वायरल वीडियो के कमेंट्स में कुछ लोगों ने यहां तक कह दिया कि जिन शिक्षकों के कंधों पर देश का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है वही अगर इस तरह गैरजिम्मेदाराना रवैये से जिंदगी जिएंगे तो भविष्य खतरे में नजर आएगा। 

रिपोर्ट- अब्दुल सलीम (नर्मदापुरम MP)

ये भी पढ़ें-बंधक बनाकर युवक को दी 'तालिबानी सजा', पाइप से बेरहमी से पीटा, हैवानियत का वीडियो वायरल

उज्जैन: बारिश में ड्यूटी से लौट रहे पंचायत सचिव बाइक समेत नाले में बह गए, 22 घंटे से लापता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।