1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महोबा में दिनदहाड़े वारदात, कलयुगी बेटे ने गांजे के नशे के लिए कुल्हाड़ी से मां को उतारा मौत के घाट

महोबा में दिनदहाड़े वारदात, कलयुगी बेटे ने गांजे के नशे के लिए कुल्हाड़ी से मां को उतारा मौत के घाट

महोबा में रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रावतपुरा खुर्द गांव में एक बेटे ने अपनी मां की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी।

Mahoba- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कलयुगी बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट

महोबा के कुलपहाड़ में 23 सितंबर को एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। रावतपुरा खुर्द गांव में एक महिला की उसके ही घर के सामने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। आरोप है कि नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर बेटे का अपनी मां से विवाद हुआ और इसी दौरान उसने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, महिला के बेटे सोहन सिंह यादव ने घटना की सूचना पुलिस को दी। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई मोहन सिंह यादव का मां से नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान मोहन ने कथित तौर पर घर में रखी कुल्हाड़ी से अपनी मां पर हमला कर दिया। हमले के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उसकी मौत हो चुकी थी। दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।

आरोपी मोहन सिंह यादव के खिलाफ केस दर्ज

सूचना मिलते ही कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। जनपदीय फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी मोहन सिंह यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

CO कुलपहाड़ अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद से रावतपुरा खुर्द गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अब हत्या की वजह, घटनाक्रम और वारदात में इस्तेमाल हथियार समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

(रिपोर्ट: शांतनु सोनी)

यह भी पढ़ें:

जवानी में युवती से की थी छेड़छाड़, 40 साल से फरार था आरोपी, अब बुढ़ापे में हुआ गिरफ्तार

नवी मुंबई में कैब ड्राइवर ने महिला यात्री से की छेड़छाड़, कपड़े उतारने की कोशिश; मामला दर्ज