1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनभद्र में मानसून की पहली बारिश बनी आफत; पहाड़ी नाले में बहे तीन लोग, एक का शव बरामद

सोनभद्र में मानसून की पहली बारिश बनी आफत; पहाड़ी नाले में बहे तीन लोग, एक का शव बरामद

सोनभद्र में पहली बारिश के बाद परवा नाले में बहे तीन लोगों में से सुकतार अली का शव मिल गया है। दूसरे युवक बबलू को बचा लिया गया है, लेकिन 6 साल का मासूम अली हसन अब भी गायब है।

Sonbhadra- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सोनभद्र में नाला में बहे 3 लोग

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए तीन लड़के पहाड़ी नाले के तेज बहाव में बह गए। इसमें एक की मौत हो गई। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

कैसे हुआ यह हादसा?

यह दुखद घटना सोनभद्र के मांची थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पड़वा नाला की है। जानकारी के मुताबिक, अली हसन, सुक्तार और बबलू अपने कुछ अन्य दोस्तों के साथ यहां पिकनिक मनाने और घूमने आए थे। सभी दोस्त नाले में उतरकर नहा रहे थे और मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी इलाकों में अचानक हुई भारी और तेज बारिश की वजह से नाले का जलस्तर तेजी से बढ़ गया और उसमें अचानक बाढ़ आ गई। पानी का बहाव इतना जोरदार और तेज था कि तीनों लड़के खुद को संभाल नहीं पाए और देखते ही देखते पानी में बह गए।

स्थानीय लोगों की सूझबूझ की वजह से बची एक की जान

नाले के आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और अपनी जान पर खेलकर बबलू नाम के युवक को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बहने के दौरान सिर पर गहरी चोट लगने के कारण बबलू को तुरंत नजदीकी वैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हालांकि, 6 वर्षीय मासूम अली हसन और 18 वर्षीय सुक्तार पानी के तेज बहाव में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मांची थाने की पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। भारी बारिश के बीच स्थानीय ग्रामीण भी करीब तीन घंटे तक लापता बच्चों को ढूंढते रहे। रेस्क्यू टीम को दौरान एक युवक का शव बरामद हो गया है, जबकि दूसरे लापता बच्चे की तलाश अभी भी तेजी से की जा रही है।

प्रशासन ने अब उठाया एहतियाती कदम

इस पूरे मामले पर राबर्ट्सगंज के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अश्विनी कुमार ने बताया कि वह फिलहाल किसी जरूरी काम से हाईकोर्ट गए हुए हैं, लेकिन उन्हें इस घटना की पूरी जानकारी है। उन्होंने तुरंत तहसील की टीम को प्रशासनिक मदद के लिए मौके पर रवाना कर दिया था। देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। इस गंभीर हादसे को देखते हुए प्रशासन ने अब मानसून के मौसम में सभी झरनों, नदियों और पिकनिक स्पॉट्स के आसपास से लोगों को सुरक्षित हटाने और वहां सुरक्षा बढ़ाने की योजना पर काम शुरू कर दिया है।

सोनभद्र से परमेश्वर पुष्कर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें-

"टिन्नू ने गलत किया, इसकी उम्मीद नहीं थी", राम मंदिर चंदा चोरी मामले में चंपत राय ने क्या क्या बताया?