उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में अतिक्रमण हटाने के दौरान तब हंगामा हो गया, जब एक फुटपाथी दुकानदार महिला व उसका परिवार हंगामा करते हुए बुलडोजर पर चढ़ गया। महिला का पति बुलडोजर के नीचे लेट गया तो नगर निगम टीम के हाथ पैर फूल गए। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
महिला ने नगर निगम टीम पर लगाए आरोप
महिला का आरोप है कि नगर निगम टीम आए दिन उसे परेशान करती है, जबकि वह सड़क किनारे अपनी रेहड़ी लगाती है। बेवजह उसे परेशान किया जा रहाहै। इस पूरे हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खाने की रेहड़ी हटाने पहुंची थी टीम
मेडिकल कॉलेज के बाहर सड़क पर फुटपाथी दुकानदारों को हटाने के लिए नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता बुलडोजर लेकर पहुंचा और कार्यवाही शुरू की। टीम जब खाने की रेहड़ी लगाने वाली महिला के यहां पहुंची तो महिला व उसके परिवार ने हंगामा शुरू कर दिया।
बुलडोजर के नीचे लेट गया पति
महिला बुलडोजर के पंजे (बकेट) पर चढ़ गई, तो वहीं पति बुलडोजर के नीचे लेट गया। महिला ने नगर निगम टीम पर पक्षपात के आरोप भी लगाए। उसका कहना था कि गरीबों पर कार्यवाही कर परेशान किया जाता है। बड़े लोगों को छोड़ दिया जाता है।
वापस लौटी नगर निगम की टीम
हंगामा के बाद टीम नगर निगम की टीम अतिक्रमण गिराने की कार्रवाई बंद कर वापस लौट गई। इस पूरे हंगामे का वीडियो वायरल हो रहा है। लोग नगर निगम टीम पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
फुटपाथ पर रेहड़ी लगाने वाले लोगों में डर का माहौल
इस पूरे घटनाक्रम के बाद फुटपाथ पर रेहड़ी लगाने वाले अन्य दुकानदार भी हैरान रह गए। उनको भी डर है कि कहीं अगला नंबर उनका न हो। ऐसे में लोग काफी डरे हुए हैं। अभी तो नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोक कर वापस लौट गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ये कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में प्रशासन अतिक्रमण हटाने के लिए खासा कार्रवाई कर रहा है। ऐसे में लोगों के मकान और दुकानें सड़क के किनारे से हटाई जा रही हैं।
आकाश राठौर की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
ग्वालियर में हाईकोर्ट के आदेश पर बुलडोजर एक्शन, टूटे 75 मकान, बेघर हुए लोगों ने खड़े किए सवाल
जब सरकारी अफसरों के गैर-कानूनी कंस्ट्रक्शन पर ही चलने लगा बुलडोजर, गुजरात से सामने आया Video