1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सपा-कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे यूपी चुनाव, अखिलेश बनेंगे सीएम! चाचा शिवपाल ने की भविष्यवाणी

सपा-कांग्रेस मिलकर लड़ेंगे यूपी चुनाव, अखिलेश बनेंगे सीएम! चाचा शिवपाल ने की भविष्यवाणी

समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। उन्होंने कहा है कि सपा और कांग्रेस मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे और अखिलेश के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।

शिवपाल सिंह यादव की भविष्यवाणी- India TV Hindi
शिवपाल सिंह यादव की भविष्यवाणी

समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय महासचिव और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। शिवपाल यादव ने कहा कि सपा और कांग्रेस 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। शिवपाल यादव ने आगे कहा, ''सपा और कांग्रेस 2027 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।''

शिवपाल ने भाजपा पर साधा निशाना
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अभी तक अपनी चुनावी रणनीति का खुलासा नहीं किया है और सही समय आने पर सबको सब कुछ पता लग जाएगा। सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव  ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उत्तराखंड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को खत्म करना चाहती है और इसीलिए ये सब कर रही है।

भाजपा के दावों की खुल गई पोल
सपा नेताओं को निशाना बनाने के लिए भाजपा द्वारा कथित तौर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता से बने (AI-Generated) वीडियो के इस्तेमाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा ने ही यह चलन शुरू किया था और समाजवादी पार्टी ने केवल उस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी थी। शिवपाल ने कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि सड़कों की हालत और एक्सप्रेसवे पर गड्ढों ने विकास के उसके दावों की पोल खोल दी है।

ओम प्रकाश राजभर के बयान रिकॉर्ड हैं
शिवपाल यादव ने इन दिनों समाजवादी पार्टी के प्रमुख और अपने भतीजे अखिलेश यादव पर खासे हमलावर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर उनकी हालिया टिप्पणियों पर भी निशाना साधा और कहा कि सपा के साथ गठबंधन के दौरान भाजपा के खिलाफ राजभर के सारे बयान 'रिकॉर्ड' हैं। सपा महासचिव ने फेफड़े की बीमारी से जूझ रहे सपा के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव से मुलाकात भी की। उन्होंने सपा नेता शराफत हुसैन के पिता हाजी अब्दुल अजीज के निधन पर संवेदना भी व्यक्त की। 

(इनपुट-पीटीआई)

ये भी पढ़ें:
'क्या आप भी हाईकोर्ट के ख़िलाफ़ खड़े होंगे? मन की बात कहिए', हिजाब पर अखिलेश यादव से राजभर ने किया सवाल