1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 3 बागी विधायकों ने बढ़ाई अखिलेश की टेंशन! 14 अक्टूबर को अमेठी के भव्य कार्यक्रम में थामेंगे BJP का हाथ

3 बागी विधायकों ने बढ़ाई अखिलेश की टेंशन! 14 अक्टूबर को अमेठी के भव्य कार्यक्रम में थामेंगे BJP का हाथ

सपा के 3 बागी विधायकों ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को झटका देने का मन बना लिया है। ये तीनों ही अमेठी के गौरीगंज में आगामी 14 अक्टूबर को बीजेपी का दामन थामेंगे।

बाईं तरफ विनोद...- India TV Hindi
Image Source : @VINOD_MLA_KALPI/@ABHAYGOSAIGUNJ/@RPSMLAGAURIGANJ (X) बाईं तरफ विनोद चतुर्वेदी, बीच में अभय सिंह और दाईं तरफ राकेश प्रताप सिंह।

समाजवादी पार्टी के 3 बागी विधायकों ने अखिलेश यादव की टेंशन बढ़ा दी है। ये तीनों विधायक अमेठी के गौरीगंज में आने वाले 14 अक्टूबर को बीजेपी में शामिल होंगे। इन बागी विधायकों के नाम राकेश प्रताप सिंह, अभय सिंह और विनोद चतुर्वेदी हैं। ये तीनों विधायक आधिकारिक रूप से भाजपा जॉइन करेंगे। इन सभी ने पिछले राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट किया था। इस मेगा जॉइनिंग के लिए गौरीगंज में बड़ा भव्य कार्यक्रम होगा, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और कई मंत्री भी शिरकत करेंगे।

राकेश प्रताप सिंह कौन हैं?

राकेश प्रताप सिंह की बात करें तो आप उनकी ताकत इस बात से समझ सकते हैं वह अमेठी की गौरीगंज सदर सीट से लगातार तीसरी बार के विधायक हैं। विधानसभा चुनाव 2022 में सपा के प्रत्याशी के रूप में राकेश प्रताप सिंह ने बीजेपी के चंद्र प्रकाश मिश्रा को 6,963 वोटों के अंतर से मात दी थी। राकेश प्रताप सिंह को 79,040 को वोट मिले थे, जबकि चंद्र प्रकाश मिश्रा को 72077 वोटों से संतोष करना पड़ा था।

विनोद चतुर्वेदी कौन हैं?

विनोद चतुर्वेदी जालौन जिले की कालपी विधानसभा सीट से लगातार दो बार के विधायक हैं। कालपी विधानसभा चुनाव 2022 में विनोद चतुर्वेदी ने करीबी मुकाबले में कालपी सीट पर निषाद पार्टी के छोटे सिंह को हरा दिया था। इस चुनाव में निषाद पार्टी का गठबंधन बीजेपी के साथ था। विनोद चतुर्वेदी को 2,816 वोटों से जीत मिली थी। विनोद कुमार चतुर्वेदी को 69,782 वोट मिले थे, जबकि छोटे सिंह 66,966 हासिल कर पाए थे।

अभय सिंह कौन हैं?

अयोध्या जिले की गोसाईंगंज विधानसभा सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। पिछले तीन विधानसभा चुनावों में इस सीट पर मुकाबला अभय सिंह और इंद्र प्रताप उर्फ खब्बू तिवारी के परिवार के बीच में ही रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो सपा प्रत्याशी के रूप में अभय सिंह ने 13,079 वोटों के अंतर से खब्बू तिवारी की पत्नी आरती तिवारी को हरा दिया था। अभय सिंह को 1 लाख 5 हजार 863 वोट मिले थे, जबकि आरती तिवारी 92 हजार 784 वोट हासिल किए थे। इससे पहले हाल ही में 403 सीटों वाले अखिलेश यादव के दावे पर मंत्री ओपी राजभर ने तंज कसते हुए कहा था कि मित्र अखिलेश जी, बस हो गया टांय टांय फिस्स!

ये भी पढ़ें- सपा के राज्यसभा उम्मीदवार नाथवानी ने लंबा-चौड़ा पोस्ट कर PM मोदी को दी बधाई, तारीफ में पढ़े कसीदे