A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने ठोक दिया मोटा जुर्माना

यूपी में एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने ठोक दिया मोटा जुर्माना

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे खुले अभी कुछ ही दिन हुए हैं और युवाओं ने इस स्टंटबाजी का अड्डा समझ लिया है। ऐसा ही एक वीडियो जब सोशल मीडिया पर सामने आया तो पुलिस ने एक्शन लेते हुए सात हजार का जुर्माना लगया है।

young man performs stunts on the Delhi-Dehradun Expressway- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर स्टंट करता युवक

पूरे देशभर में एक्सप्रेस वे इसलिए बनाए जाते हैं, ताकि लोगों को आने जाने में सुविधा हो, लेकिन कुछ युवा इसे स्टंटबाजी का अड्डा समझ लेते हैं। अक्सर इस तरह के वीडियो सामने आते हैं। ऐसा ही एक और घटनाक्रम सामने आया है। युवक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे पर स्टंट कर रहा था, इसका वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस ने सख्त एक्शन लेते हुए मोटा जुर्माना ठोका है। 

स्टंट की वीडियो सोशल मीडिया पर हो गई वायरल

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। थार गाड़ी की छत पर चढ़कर बनाई गई रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालक पर सात हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया।

सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे पर दौड़ रही थार गाड़ी की छत पर चढ़कर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में युवक यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए रील बनाता नजर आया। एक्सप्रेस वे जैसे हाई-स्पीड मार्ग पर इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। वीडियो वायरल होने के बाद बागपत पुलिस और यातायात विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान वाहन की पहचान कर चालक का पता लगाया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन और खतरनाक तरीके से वाहन संचालन करने के आरोप में थार चालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। बागपत की यातायात पुलिस ने वाहन चालक पर सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। 

यातायात पुलिस ने की अपील

अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक्सप्रेस वे और हाईवे पर स्टंटबाजी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे चालक, यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि रील और वीडियो बनाने के चक्कर में यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

रील का जुनून बन रहा खतरा

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में युवा लगातार खतरनाक स्टंट और नियमों के उल्लंघन वाले वीडियो बना रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में पहचान होने पर चालान के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। सड़क सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बागपत से पारस जैन की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

कहां पहुंची आपकी ई-बस? अब रियल टाइम लोकेशन ट्रैक करो, नोएडा में इन 5 रूटों पर दौड़ने लगीं 100 इलेक्ट्रिक बसें

संगम नगरी में खौफनाक वारदात, एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतारा