1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. इंस्टाग्राम ने बचा ली युवक की जान, सुसाइड अलर्ट के बाद महज 7 मिनट में पहुंची पुलिस

इंस्टाग्राम ने बचा ली युवक की जान, सुसाइड अलर्ट के बाद महज 7 मिनट में पहुंची पुलिस

कानपुर में आत्महत्या करने जाने रहे एक युवक की जान पुलिस ने समय रहते बचा ली। युवक मानसिक तनाव में था। पुलिस को इंस्टाग्राम के जरिए अलर्ट मिला था, जिसके बाद युवक तक पुलिस पहुंची और आत्महत्या करने से रोक लिया।

Meta- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस ने बचाई युवक की जान

कानपुर में एक व्यक्ति की जान उस वक्त बच गई, जब सोशल मीडिया पर पोस्ट हुआ एक वीडियो सीधे पुलिस तक पहुंच गया। महज सात मिनट के भीतर पुलिस टीम युवक के घर पहुंची और फंदे पर झूलने जा रहे युवक को बचा लिया। इस पूरी घटना ने न सिर्फ पुलिस की तारीफ हो रही है, बल्कि यह भी दिखा दिया कि तकनीक का सही इस्तेमाल किसी की जिंदगी बचा सकता है।

मेटा ने पुलिस को भेजा अलर्ट

मामला सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाला 30 साल युवक पिछले कई दिनों से गहरे मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि उसकी मंगेतर ने उससे बातचीत बंद कर दी थी और मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इस बात से युवक बुरी तरह टूट गया था और लगातार अवसाद में रहने लगा था। तनाव के बीच युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें उसने आत्महत्या के संकेत दिए। वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा के सेफ्टी सिस्टम ने इसे गंभीर मामला मानते हुए तुरंत अलर्ट जारी कर दिया। यह सूचना सीधे पुलिस मुख्यालय तक पहुंची।

पुलिस की तेजी की जमकर हो रही तारीफ

पुलिस मुख्यालय से मामला कानपुर कमिश्नरेट के मीडिया सेल को भेजा गया। वहां से युवक की लोकेशन, मोबाइल नंबर और पता जैसी अहम जानकारियां तुरंत सेन पश्चिम पारा थाने को उपलब्ध करा दी गईं। अलर्ट मिलते ही दरोगा कादिर खान और हरवीर सिंह टीम के साथ बिना देर किए मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस रिकॉर्ड समय में करीब सात मिनट के अंदर युवक के घर पहुंच गई। जब पुलिसकर्मी कमरे में पहुंचे तो युवक फंदा लगाकर जान देने की कोशिश कर रहा था। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। समय रहते मदद मिलने से उसकी जान बच गई। बाद में परिजनों को पूरी जानकारी दी गई और युवक को जरूरी सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

इस घटना के बाद इलाके में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना हो रही है। वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और पुलिस के बीच तकनीकी तालमेल को भी लोग बड़ी पहल मान रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जनवरी 2023 से लेकर 8 जून 2026 तक मेटा कंपनी से मिले अलर्ट और तकनीकी सहयोग की मदद से उत्तर प्रदेश पुलिस 3081 लोगों की जान बचा चुकी है।

(रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें:

IND vs PAK Head to Head: भारत के सामने कमजोर पाकिस्तान, हेड टू हेड रिकॉर्ड में जमीन-आसमान का अंतर

FIFA World Cup 2026: स्कॉटलैंड ने खत्म किया 36 साल का लंबा इंतजार, 31 साल के जॉन मैकगिन ने रचा इतिहास