1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में सर्जन ने पूजा घर के सामने गोली मारकर की आत्महत्या, पत्नी से हुआ था विवाद; की थी दो शादियां

कानपुर में सर्जन ने पूजा घर के सामने गोली मारकर की आत्महत्या, पत्नी से हुआ था विवाद; की थी दो शादियां

कानपुर में एक सर्जन ने पत्नी से विवाद के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक सर्जन ने दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से 2018 में तलाक हुआ था।

सर्जन ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या।- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE सर्जन ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या।

कानपुर: कानपुर में एक सरकारी अस्पताल के 47 वर्षीय सर्जन ने पत्नी के साथ विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक सर्जन ने अपने अपार्टमेंट में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक जनरल सर्जन संदीप सिंह, कानपुर देहात के एक कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में तैनात थे। रविवार को निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में उन्होंने अपनी छाती में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी कंचन कमरे में भागी और उन्हें खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि परिवार के सदस्य संदीप को रीजेंसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी से विवाद के बाद आत्महत्या

पुलिस का मानना ​​है कि पत्नी के साथ अनबन ही आत्महत्या का मुख्य कारण हो सकती है। यह कदम उठाने से पहले दंपति के बीच झगड़ा हुआ था। कमिश्नर रघुबीर लाल ने आगे बताया, "विस्तृत जांच की जाएगी। अगर कोई और बात सामने आती है, तो उसे मीडिया के साथ साझा किया जाएगा।" वहीं डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (साउथ) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहा कि फोरेंसिक टीम ने रिवॉल्वर जब्त कर ली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

माता-पिता से अलग रहता था सर्जन

मृतक संदीप सिंह के पिता राज बहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने रविवार रात करीब 9.30 बजे अपने बेटे से बात की थी और उसका हाल-चाल पूछा था। उन्होंने दावा किया कि बाद में संदीप का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ और फिर वह रिवॉल्वर लेकर कमरे में चले गए। परिवार ने बताया कि इसके बाद संदीप पूजा घर गए और वहां पूजा स्थल के सामने बैठकर खुद को गोली मार ली। संदीप अपनी पत्नी, चार साल की बेटी और छोटे बेटे के साथ अलग रहते थे। उनके माता-पिता और छोटा भाई लाल बंगला इलाके के परेडवनपुरवा में रहते हैं।

सर्जन ने की थीं दो शादियां

पीड़ित के चचेरे भाई मोहित सिंह ने बताया कि संदीप ने दो शादियां की थीं। 2007 में कानपुर की एक MBBS डॉक्टर के साथ हुई उनकी पहली शादी 2018 में आपसी सहमति से तलाक पर खत्म हुई थी। उन्होंने बताया कि उनका एक 12 साल का बेटा भी है। बाद में, 2019 में संदीप ने कासगंज की रहने वाली एक हाउसवाइफ कंचन से शादी की। उनके पिता ने बताया कि शादी के बाद संदीप और उनकी दूसरी पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर अनबन होने लगी थी और वे अक्सर उनके झगड़ों को सुलझाने के लिए बीच-बचाव करते थे। (इनपुट- पीटीआई)

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

यह भी पढ़ें-

UP राज्यसभा चुनाव: BJP ने 8 उम्मीदवारों के नाम किए घोषित, धर्मपाल सिंह को मौका; हरदीप सिंह पुरी का पत्ता कटा