1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. माफिया अतीक अहमद की बरसी पर सूनी रही कब्र, जिस दरबार में लोग लगाते थे हाजिरी, आज वहां चर रही बकरियां

माफिया अतीक अहमद की बरसी पर सूनी रही कब्र, जिस दरबार में लोग लगाते थे हाजिरी, आज वहां चर रही बकरियां

गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद की कब्र आज बरसी के दिन भी सूनी रही। आज ही के दिन 3 साल पहले अतीक और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

Atiq Ahmed- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अतीक अहमद का उजड़ा पड़ा दरबार और चर रहीं बकरियां

प्रयागराज: गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या को आज तीन साल पूरे हो गए हैं। आज ही के दिन अतीक और अशरफ की कालविन अस्पताल के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

अतीक अहमद और एनकाउंटर में मारे गए उसके बेटे असद और अशरफ को कसारी मसारी के कब्रिस्तान में दफन किया गया था। तीसरी बरसी पर तीनों की कब्र सूनी है। कोई फातेहा पढ़ने और फूल चढ़ाने नहीं आया। बताया जा रहा है कि अतीक के दोनों बेटे ऐजम और अबॉन भी शहर के बाहर हैं। 

कहां है अतीक का परिवार?

उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और उमेश हत्याकांड के आरोपी साबिर, अरमान और गुड्डू मुस्लिम फरार हैं। तीनों आरोपियों पर 5-5 लाख का इनाम घोषित है, जबकि शाइस्ता पर 50 हजार का इनाम है।

इसके अलावा अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और अतीक की बहन अएशा नूरी भी वांटेड हैं लेकिन अब तक किसी का सुराग नही लगा है। अतीक के सम्राज्य का खात्मा हुए तीन साल गुजर गए और चकिया मे अतीक का बंगला खंडहर में तब्दील हो चुका है।

बंगले के बाहर की तरफ जिस जगह अतीक लोगों के साथ बैठक करता था, आज उस जगह पर मोहल्ले के लड़के क्रिकेट खेलते है। इलाके के लोग भी अब धीरे-धीरे अतीक का रसूक भूलने लगे हैं। बंगले के दूसरे हिस्से में अशरफ का परिवार रहता था, वो भी खंडहर बन चुका है। खंडहर में झाड़ियां उग आई हैं, जो लोग भी चकिया के इस रास्ते से गुजरते हैं वो अतीक के अतीत को जरूर देखते हैं।

अतीक अहमद और अशरफ की मौत के बाद उनके साथ काम करने वाले अधिकतर लोग जेल भेजे गए थे, जिसमें से काफी लोग ज़मानत पर अब बाहर भी आ गए हैं। अब अतीक के लोग अपने अपने फायदे के लिए हर जोड़ तोड़ कर रहे हैं।    हालही में करेली में हुई हत्या भी इसी से जोड़ कर देखी जा रही है।