1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घर के बाहर खेल रही 3 साल की मासूम को उठा ले गया पड़ोसी, दरिंदगी के बाद कर दी हत्या; हमीरपुर में आरोपी के घर चला बुलडोजर

घर के बाहर खेल रही 3 साल की मासूम को उठा ले गया पड़ोसी, दरिंदगी के बाद कर दी हत्या; हमीरपुर में आरोपी के घर चला बुलडोजर

हमीरपुर में 3 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद हत्या करने वाले युवक के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया है। इससे पहले सुबह एनकाउंटर में आरोपी के दोनों पैरों पर पुलिस ने गोली मार दी थी।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में 3 साल की मासूम बच्ची के साथ रेप और उसकी हत्या के आरोपी हीरालाल के खिलाफ प्रशासन ने डबल कार्रवाई की है। पुलिस ने सोमवार सुबह एनकाउंटर में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने आरोपी के मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

पायजामे से गला घोंटकर मासूम की हत्या

यह दर्दनाक घटना हमीरपुर के मुस्करा थाना क्षेत्र की है।  रविवार दोपहर घर के बाहर खेल रही बच्ची को पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय युवक हीरालाल बहला-फुसलाकर अरहर के खेत में ले गया, जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसी के पायजामे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

बच्ची को खोजने का नाटक करता रहा आरोपी

पुलिस ने बताया कि बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो आरोपी भी उनके साथ उसे खोजने का नाटक करता रहा। वह खुद को बचाने के लिए परिजनों के साथ शामिल होकर बच्ची की तलाश का नाटक करने लगा और उन्हें गुमराह करता रहा। काफी देर तक तलाश करने के बाद रात करीब 8 बजे बच्ची का शव अरहर के खेत में मिला।

ग्रामीणों ने पुलिस वाहनों पर क्यों किया पथराव?

इसके बाद परिजनों का शक हीरालाल पर गहराया और उन्होंने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन बाद में उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और बच्ची का शव उठाने नहीं दिया। पुलिस ने जब दोबारा शव उठाने की कोशिश की तो ग्रामीण उग्र हो गए और उन्होंने पुलिस के वाहनों पर पथराव कर दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी राठ, कोतवाल राठ, बिंवार कोतवाल समेत पुलिस के 6 वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करके बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आरोपी हीरालाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश

सोमवार सुबह पुलिस जब आरोपी को पूछताछ के लिए ले जा रही थी, तभी उसने पहले से छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस पर गोली चलाई और भागने की कोशिश की। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस गोलीबारी में आरोपी के पैर में गोली लगी। फिलहाल उसका जिला अस्पताल में इलाज हो रहा है। 

आरोपी का मकान जमींदोज

उधर, पोस्टमार्टम के बाद जब बच्ची का शव घर पहुंचा, तो परिजनों ने आरोपी को फांसी देने और उसका घर गिराने की मांग की। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह जमींदोज कर दिया।

वहीं, यूपी के फिरोजाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपियों को पुलिस ने आज एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। दोनों सगे भाइयों ने शनिवार शाम को किशोरी को हवस का शिकार बनाया था और डंडे से हमला कर अधमरा छोड़ा दिया था।

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें-

यूपी में निकाह से पहले दूल्हे को मिली गोली मारने की धमकी, बिन दुल्हन वापस लौटी बारात

यूपी में Operation Conviction हिट, नाबालिग बेटी से रेप के दोषी पिता को केस दर्ज होने के बाद 114 दिनों में सजा मिली