कानपुर में दर्दनाक हादसा, भतीजी की शादी का सपना देखने वाले ट्रक चालक की दो ट्रकों के बीच दबकर मौत
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बबलू ने शादी नहीं की थी। वह अपनी भतीजी को पढ़ाकर उसकी शादी करना चाहता था।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में दो ट्रकों के बीच जिंदगी ऐसी फंसी कि निकलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ पल पहले तक अपने काम में जुटा बबलू अचानक दोनों वाहनों के बीच बुरी तरह दब गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। कानपुर के कलक्टरगंज थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि बबलू ट्रक की सफाई कर रहा था, तभी पास खड़े दूसरे ट्रक का चालक वाहन आगे बढ़ाने लगा। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उधर, मृतक के भाई ने इसे महज हादसा मानने से इनकार करते हुए जानबूझकर कुचलने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ट्रक साफ कर रहा था बबलू, तभी दोनों वाहनों के बीच दबा
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह बबलू अपने ट्रक की सफाई कर रहा था। इसी दौरान पास खड़े दूसरे ट्रक के चालक ने वाहन चालू कर आगे बढ़ा दिया। बबलू दोनों ट्रकों के बीच फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर चालक को ट्रक पीछे करने के लिए कहा। लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक दोनों ट्रकों के बीच फंसा दिखाई दे रहा है। ट्रक पीछे किए जाने के बाद वह जमीन पर गिर जाता है। घटना के बाद दूसरे ट्रक का चालक मौके से भाग निकला। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर सवाल उठ रहे हैं, हालांकि हादसे की परिस्थितियों और जिम्मेदारी का निर्धारण पुलिस जांच के बाद ही होगा।
भाई का आरोप- जानबूझकर कुचला गया
मृतक के बड़े भाई रामबाबू ने आरोप लगाया कि दूसरे ट्रक के चालक ने बबलू को जानबूझकर कुचल दिया। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, परिजनों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मोबाइल से हुई पहचान, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन
घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही कलक्टरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन से उसकी पहचान की गई और परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, सोमवार दोपहर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। बबलू का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। परिवार ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
एक महीने पहले हाथ में लगी थी चोट
हमीरपुर जिले के सुमेरपुर निवासी रामबाबू महाराष्ट्र में निजी नौकरी करते हैं। परिवार में पिता मलखान और भाई बबलू व राजू हैं। रामबाबू के मुताबिक, बबलू ट्रक चालक था। करीब एक महीने पहले हाथ में चोट लगने के कारण वह घर आया था। बाद में काम पर जाने की बात कहकर निकल गया। परिवार को उम्मीद थी कि वह फिर से काम करके घर की जिम्मेदारियां संभालेगा, लेकिन कानपुर में हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया।
भतीजी मोहनी को पढ़ाकर उसकी शादी करना चाहता था बबलू
परिजनों के मुताबिक, बबलू अविवाहित था। उसने अपने बड़े भाई की बेटी मोहनी को गोद ले रखा था। वह उसकी पढ़ाई का खर्च उठाता था और उसे पढ़ाकर अपने हाथों से उसकी शादी करना चाहता था। परिवार के अनुसार, बबलू अक्सर कहता था कि वह खुद कमाकर मोहनी को पढ़ाएगा और उसकी शादी करेगा। उसकी इसी जिम्मेदारी और सपने से परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। अब बबलू की मौत के बाद परिवार के सामने अपनों को खोने का दुख है, वहीं मोहनी के भविष्य को लेकर भी चिंता है।
फरार चालक की तलाश, तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
कलक्टरगंज थाना प्रभारी के मुताबिक, दो ट्रकों के बीच फंसने से युवक की मौत हुई है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद फरार हुए दूसरे ट्रक के चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी जिम्मेदारी बनती है।
कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
प्रेमी से शादी करने पर भाई ने बहन को मारा, पुलिस ने कब्रिस्तान से निकाला शव, आरोपी गिरफ्तार