1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ में दर्दनाक हादसा, 10 फीट गहरे पानी से भरे रेलवे अंडरपास में डूबा तांगा, चालक और घोड़े की मौके पर ही मौत!

मेरठ में दर्दनाक हादसा, 10 फीट गहरे पानी से भरे रेलवे अंडरपास में डूबा तांगा, चालक और घोड़े की मौके पर ही मौत!

मेरठ से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। बारीश के बाद यहां के रेलवे अंडरपास में भरे पानी की वजह से तांगा चालक और उसके घोड़े की पानी में डूबने से मौत हो गई।

meerut- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मेरठ में दर्दनाक हादसा

मेरठ में बारिश के बाद रेलवे अंडरपासों में जमा पानी लोगों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। शनिवार सुबह लोहियानगर क्षेत्र स्थित बजौट रेलवे अंडरपास में हुए एक दर्दनाक हादसे में तांगा चालक और उसके घोड़े की पानी में डूबने से मौत हो गई। अंडरपास में करीब 10 फीट तक पानी भरा होने के कारण चालक को उसकी गहराई क अंदाजा नहीं लगा सका और उसने तांगा सीधे पानी में उतार दिया। तांगा चालक की पहचान ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र गणेशपुरी खत्ता रोड के रहने वाले राकेश सैनी के रूप में हुई है। राकेश लीलू की डेरी पर काम करते थे और वह शनिवार सुबह घोड़ा-तांगा लेकर पशुओं के लिए चारा लेने निकले थे।

बिजली बंबा रैड मार्ग पर बने अंडरपास में बरसात का लगभग 10 फुट पानी भरा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अंडरपास पर तैनात गैंगमैन ने राकेश को मना किया कि वह तांगा लेकर आगे न बड़े, लेकिन तांगा संचालनकर्ता ने बात अनसुनी करके हुए गहरे पानी में तांगा उतार दिया, जो फंस गया। उसने बचाव के लिए शोर मचाया, जब तक लोग मदद के लिए दौड़े, तब तक घोड़ा-बुग्गी और राकेश पानी में डूब गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लोहियानगर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान चालक का शव गहरे पानी में दिखाई नहीं दे रहा था। शव की तलाश के लिए फफूंडा चौकी प्रभारी राम शरण साहस दिखाते हुए पानी में टीम के साथ उतरे और शव की तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद राकेश का शव बाहर निकाला गया। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घोड़े को भी पानी से बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक राजेश का बेटा संजय और बेटी रजनी मौके पर पहुंच गये, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। उधर, घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।

स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए अंडरपास में लंबे समय से बने जलभराव और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के अभाव को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन जल्द प्रभावी जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं करता तो यह क्षेत्रवासियों के लिए खतरा ही बना रहेगा।

मेरठ से पहले यूपी के गाजियाबाद में भी जलभराव के कारण दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में घर के बाहर खेल रही 3 साल की बच्ची की पानी में डूबने से मौत हो गई। 

यह भी पढ़ें:

दिल्ली में बारिश के पानी में डूबने से 7 साल के लड़के की मौत, छोटे भाई के साथ शौच करने निकला था