1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में बारिश के पानी में डूबने से 7 साल के लड़के की मौत, छोटे भाई के साथ शौच करने निकला था

दिल्ली में बारिश के पानी में डूबने से 7 साल के लड़के की मौत, छोटे भाई के साथ शौच करने निकला था

 Published : Jul 09, 2026 11:17 pm IST,  Updated : Jul 09, 2026 11:17 pm IST

पानी में डूबने वाला लड़का तीसरी कक्षा में पढ़ता था। वह अपने छोटे भाई के साथ शौच के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में वह पानी भरे गड्ढे में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

Delhi Rain- India TV Hindi
दिल्ली की सड़कों पर भरा पानी Image Source : PTI

दिल्ली के समयपुर बादली में एक सात साल का लड़का बारिश के पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना गुरुवार सुबह हुई। हादसे का शिकार हुआ लड़का संजय कॉलोनी का रहने वाला था। वह तीसरी कक्षा में पढ़ता था और एक खाली प्लाट में पानी भरा हुआ था, जिसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक रेहान सुबह करीब 8.30 बजे अपने पांच साल के भाई के साथ शौच के लिए घर से निकला था, तभी वह पानी में डूब गया। पुलिस के मुताबिक, पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण भूखंड में भारी मात्रा में पानी जमा हो गया था। बच्चा भूखंड के उस हिस्से में चला गया, जहां पानी ज्यादा था और वह डूब गया। 

रेहान की मां ने बताया कि उनका छोटा बेटा तो घर लौट आया, लेकिन बड़ा बेटा नहीं लौटा। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तो चिंतित परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचित किया। मां ने रोते हुए संवाददाताओं से कहा, "मेरा बेटा सुबह शौच के लिए बाहर गया था। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आया, तो हमने अपने रिश्तेदारों को सूचित किया और उसकी तलाश शुरू की।" उन्होंने बताया कि परिवार को बाद में रेहान की बोतल घटना स्थल के पास मिली। 

लापरवाही के कारण हुआ हादसा

रेहान की मां ने कहा, "जब हमने पत्थर की बाड़ पर बोतल पड़ी देखी, तो हमें किसी अनहोनी की आशंका हुई। मेरे देवर और परिवार के अन्य सदस्यों ने पानी में तलाश की। भूखंड बारिश के पानी से भरा हुआ था और मेरा बेटा भूखंड के भीतर एक गड्ढे में मिला। अगर यह पानी से भरा न होता, तो मेरा बेटा आज जिंदा होता।" परिवार की पीड़ा को दोहराते हुए रेहान की रिश्तेदार ने कहा कि यह घटना लापरवाही का नतीजा है। उन्होंने कहा, "वह सिर्फ एक बच्चा था। किसी ने नहीं सोचा था कि खाली भूखंड में जमा बारिश का पानी मौत का जाल बन जाएगा। हमने उसे खो दिया, क्योंकि उस जगह को ऐसे ही लावारिस छोड़ दिया गया था।" नोएडा में इससे पहले युवराज नाम के युवक की पानी भरे प्लाट में डूबने से मौत हो गई थी।

परिवार ने दो घंटे तक की तलाश

पुलिस के अनुसार, परिवार ने करीब दो घंटे तक बच्चे की तलाश की। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से पानी में तलाश की और बच्चे को बाहर निकाला। उसे तुरंत बुराड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समयपुर बादली थाने के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे का शव उसके परिवार को सौंप दिया गया है। हालांकि, उन्होंने किसी भी साजिश से इनकार करते हुए कहा कि यह घटना दुर्घटनावश डूबने का मामला प्रतीत होती है। यह घटना पिछले दो दिनों में दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हुई व्यापक बारिश के बाद हुई है, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है।

यह भी पढ़ें-

भारी बारिश का कहर, दिल्ली में गिरी इमारत, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 3, FIR दर्ज

दिल्ली-NCR में भारी बारिश का कहर! फरीदाबाद में भी कई सड़कों पर भरा पानी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।