1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के गोविंदपुरी में फायरिंग और चाकूबाजी, 3 लोग घायल; पुरानी रंजिश की आशंका

दिल्ली के गोविंदपुरी में फायरिंग और चाकूबाजी, 3 लोग घायल; पुरानी रंजिश की आशंका

 Published : Oct 22, 2026 08:26 pm IST,  Updated : Oct 22, 2026 08:26 pm IST

दिल्ली के गोविंदपुरी में फायरिंग और चाकूबाजी की घटना सामने आई है। देर रात हुई हिंसक झड़प में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। जानिए क्या है पूरी घटना।

Govindpuri delhi Firing Incident, दिल्ली गोविंदपुरी फायरिंग- India TV Hindi
दिल्ली गोविंदपुरी फायरिंग Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में गुरुवार देर रात दो गुटों के बीच झड़प के दौरान फायरिंग और चाकूबाजी की घटना सामने आई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस को आशंका है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। घायलों में एक को गोली लगी है, जबकि दूसरे को चाकू से चोट आई। पुलिस ने मौके से दो खाली कारतूस और दो चाकू बरामद किए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

पुरानी रंजिश का संदेह

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में गुरुवार रात करीब एक बजे दो गुटों के बीच झड़प हुई। इसी दौरान फायरिंग और चाकूबाजी की गई। पुलिस थाने में गोली चलने की सूचना को लेकर पीसीआर कॉल आई थी। पुलिस को संदेह है कि इस घटना की वजह पुरानी रंजिश हो सकती है।

तीन लोग घायल

घायलों की पहचान संजू भेषधारी उर्फ कुमार भेषधारी, मंसूर आलम (40) और नितिन (23) के रूप में हुई है। संजू को गोली लगी है और उन्हें सरिता विहार स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, नितिन को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, मामूली चोटें लगने के बाद मंसूर आलम को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मौके से कारतूस और चाकू बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली कारतूस और दो चाकू बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

घायल युवक की मां ने बताया घटना के समय क्या हुआ

नितिन की मां सुमन ने पीटीआई को बताया कि उनका बेटा खाना खा रहा था, तभी अचानक उठकर कहीं जाने लगा। जब उन्होंने पूछा कि वह कहां जा रहा है, तो नितिन ने कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा। सुमन के मुताबिक, कुछ समय बाद लोगों ने उन्हें बताया कि उनके बेटे को चाकू मारा गया है और गोली भी लगी है। पहले उन्हें लगा कि लोग मजाक कर रहे हैं, लेकिन बाद में पता चला कि नितिन सच में घायल हुआ है। किसी व्यक्ति ने उसे ऑटो से अस्पताल पहुंचाया।

मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई घटना

सुमन ने बताया कि इलाके में चल रहे उत्सव के दौरान मूर्ति विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे। उन्होंने कहा कि वह अभी तक अपने बेटे से नहीं मिल पाई हैं। उनके दो बेटे हैं और नितिन बड़ा है। वह निजी क्षेत्र में काम करता है और फिलहाल आईसीयू में भर्ती है। परिवार को अभी यह पता नहीं चल पाया है कि उसे चोटें कैसे लगीं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

(रिपोर्ट-PTI)

 ये भी पढ़ेंः 'राहुल सपने देख रहे हैं, अगले 30 साल तक नहीं लगेगा नंबर', वोट चोरी के आरोपों पर अमित शाह का पलटवार              

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।