राजधानी दिल्ली के पीतमपुरा इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। दिल्ली की एक गली में मामूली सी बात पर एक नाबालिग की बेहरमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पोस्ट पर किए गए एक कमेंट को लेकर हुए विवाद हुआ था। लेकिन ये विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि मास्क पहने हमलावरों ने 9वीं कक्षा के छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे छात्र की मौत हो गई जबकि इस दौरान एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। चलिए जानते हैं क्या है पूरा मामला।
क्या है मामला?
मामला उत्तर-पश्चिम दिल्ली के FP ब्लॉक पीतमपुरा का है। जहां कल शाम दुर्गा प्रतिमा विसर्जन का जुलूस निकाला जा रहा था। विसर्जन के जश्न के दौरान जैसे ही आरोपियों की नजर छात्र पर पड़ी तो उन्होंने उस पर जोरदार हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस घटना को मास्क पहनकर आए 4 से 5 लड़कों ने अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों का पहले से ही छात्र से इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट को लेकर विवाद चल रहा था जिसके चलते छात्र की हत्या हुई। वहीं, इस वारदात में एक अन्य युवक बुरी तरह से जख्मी हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस मामले में चार नाबालिग आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर इस मामले में चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्याकांड में और कौन-कौन लोग शामिल थे। इस खूनी वारदात के बाद से पीतमपुरा इलाके में भारी तनाव और शोक का माहौल है। पुलिस इस मामले की हर एंगल से गहनता से जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावर वारदात को अंजाम देने के लिए पहले से प्लानिंग करके आए थे इसलिए ही सभी ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था ताकि कोई उन्हें पहचान न सके।
यह भी पढ़ें: