नई दिल्लीः दिल्ली में प्रदूषण का स्तर धीरे-धीरे लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को दिल्ली में पिछले तीन महीनों से भी ज़्यादा समय की सबसे खराब हवा दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में आज प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। चांदनी चौक इलाके में गुरुवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स 306 दर्ज किया गया, जोकि बहुत खराब श्रेणी में है।
दिल्ली में ग्रैप-1 लागू
वायु गुणवत्ता के 'खराब' श्रेणी में पहुंचने के बाद केंद्र ने दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में ग्रैप का पहला चरण लागू कर दिया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा लागू ग्रैप के पहले चरण के तहत निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपायों को सख्त किया जाएगा। कचरे और जैविक सामग्री को खुले में जलाने पर रोका जाएगा। वाहनों के वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) की जांच की जाएगी और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले और निर्धारित सीमा पूरी कर चुके पेट्रोल-डीजल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली में कहां पर कितना प्रदूषण का स्तर (सुबह 8.05 मिनट)
- चांदनी चौक- 306 AQI (बहुत खराब)
- बवाना- 274 AQI (खराब)
- अलीपुर- 272 AQI (खराब)
- वज़ीरपुर- 253 AQI (खराब)
- आनंद विहार- 236 AQI (खराब)
- नजफगढ़, 241 AQI (खराब)
- जे.एन.यू., 238 AQI (खराब)
- आईजीआई हवाई अड्डा- 236 AQI (खराब)
- बुराड़ी क्रॉसिंग 226 AQI (खराब)
- आया नगर-214 AQI (खराब)
- वसुन्धरा एन्क्लेव- 206 AQI (खराब)
एडिशनल सीपी ट्रैफिक ने की अपील
दिल्ली-NCR में GRAP-1 लागू करने पर एडिशनल सीपी ट्रैफिक विजयंता गोयल आर्य ने कहा, "दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का पहला चरम लागू कर दिया गया है। इसके मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ से हम उपयुक्त तैनाती करेंगे ताकि भीड़ कम से कम हो पाए। इसके साथ ही हम जनता से अपील करेंगे कि अपनी गाड़ियों की PUCC वैध रखें। जिन वाहनों का समय पूरा हो गया है, उनके ऊपर कार्रवाई जारी रहता है और कार्रवाई को बढ़ाया भी जाएगा। इसके अलावा गैर-गंतव्य वाणिज्यिक वाहनों को सीमा से डायवर्जन दिया जाएगा। हम लोगों से अनुरोध करेंगे कि ज्यादा से ज्यादा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें ताकि हम सब एक साथ मिलकर दिल्ली के वातावरण को और बेहतर कर पाएं और इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों का पालन करें ताकि ट्रैफिक में कम से कम असुविधा हो।
दिल्ली में तेजी से बढ़ा प्रदूषण
इससे पहले दिल्ली में बुधवार को ओवर ऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 245 दर्ज किया गया, जोकि 100 दिनों में सबसे अधिक है और इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में इस मौसम में पहली बार वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली में इस स्तर का एक्यूआई पिछली बार 13 जुलाई को दर्ज किया गया था। तब एक्यूआई 246 रहा था। वायु गुणवत्ता में यह गिरावट दशहरे के एक दिन बाद दर्ज की गई।
ये भी पढ़ेंः देश के 6 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी; उत्तर भारत में आज कैसा रहेगा मौसम?