1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-NCR में भारी बारिश का कहर! फरीदाबाद में भी कई सड़कों पर भरा पानी

दिल्ली-NCR में भारी बारिश का कहर! फरीदाबाद में भी कई सड़कों पर भरा पानी

 Edited By: Vinay Trivedi @JournoVinay
 Updated : Jul 09, 2026 10:55 pm IST

Delhi-NCR में भारी बारिश की वजह से कई निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति बन गई है। इससे दिल्ली, Noida, Gurugram और गाजियाबाद सहित अलग-अलग क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही है। साथ ही, फरीदाबाद में भी कई सड़कों पर पानी भरा है।

फरीदाबाद की सड़कों पर...- India TV Hindi
फरीदाबाद की सड़कों पर भी जलभराव हुआ है। Image Source : ANI

दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश हो रही है। ये बारिश देर रात से जारी है। दिल्ली और आसपास के नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद समेत अलग-अलग इलाकों में तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण लोगों खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों गलियों में पानी भी भर गया है, जिसके वजह से लोग अपने घर से निकल नहीं पा रहे हैं। दफ्तर जाने वाले लोग भी मुश्किल में फंसे हुए हैं।

IMD के अनुसार, दिल्ली में बीती देर रात 2:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक महज 3 घंटे में 34.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अगले कुछ घंटों में दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश हो सकती है। साथ ही, बादल भी गरजेंगे। इसके अलावा, तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

निचले इलाकों में जलभराव की आशंका के मद्देनजर दिल्ली-NCR का प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। बारिश का प्रभाव दिल्ली के कई इलाकों में दिखाई दिया है। भारी बारिश के बाद मुनिरका, पीतमपुरा, शालीमार बाग सहित कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई।

वहीं, Ghaziabad में साहिबाबाद के श्याम पार्क एक्सटेंशन और नोएडा के कई सेक्टरों में भी जलभराव से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इसकी वजह से ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, बारिश के चलते गाजियाबाद के डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने आज 9 जुलाई को क्लास 1 से 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।

लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों से केवल बहुत जरूरी काम होने पर ही अपने घरों से बाहर निकलने का अनुरोध किया है। जलभराव वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस भी हालात पर नजर रखे हुए है। IMD का मानना है कि मानसून फिलहाल एक्टिव है। दिनभर रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

पढ़ें दिल्ली-NCR में बारिश से जुड़े लेटेस्ट अपडेट्स

Auto Refresh
Refresh
  • 8:22 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    बुलंदशहर में भी स्कूल बंद

    बुलंदशहर में लगातार बारिश हो रही है। बारिश को देखते हुए सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। कक्षा नर्सरी से 12वीं क्लास तक के सभी बोर्ड से संबंधित विद्यालय बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार 10 जुलाई को स्कूल बंद रखने के लिए पत्र जारी किया है। छात्र छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बुलंदशहर डीएम ने निर्देश जारी किए हैं।

  • 7:34 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    हापुड़ में भी स्कूल बंद

    भारी बारिश के कारण हापुड़ में शुक्रवार (10 जुलाई) को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों का अवकाश रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने यह आदेश जारी किया है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी के साथ अलर्ट जारी किया है। इस वजह से शुक्रवार को कई जिलों में एहतियातन स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

  • 7:18 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    मेरठ में स्कूल बंद

    मेरठ में भारी बारिश के चलते 10 जुलाई को सभी बोर्ड के कक्षा नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी है। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण यूपी में भी नदियों का जलस्तर बढ़ा है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

  • 6:21 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    हरिद्वार में मकान गिरा

    उत्तराखंड के हरिद्वार में भारी बारिश का कहर जारी है। रेलवे कॉलोनी के पास पुरुषार्थी मार्केट में मकान गिर गया और चार लोग मलबे में दब गए। हालांकि, पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। यहां बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है।

  • 6:19 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    बंगाल में भारी बारिश के आसार

    मौसम विभाग के साइंटिस्ट सौरिश बंद्योपाध्याय ने बताया कि अगले दो दिनों में नॉर्थ बंगाल के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग में लैंडस्लाइड की आशंका है। बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में भी ज्यादा बारिश की बात कही गई है।

  • 2:42 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    फरीदाबाद में भारी बारिश के बाद सड़कें जलमग्न

    हरियाणा के फरीदाबाद में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया है। फरीदाबाद की कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर जाने से ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मेवला महाराजपुर और सेक्टर-46 इलाके में सड़कें जलमग्न होने से लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला।

  • 2:03 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना- IMD

    मौसम की जानकारी देते हुए IMD के वैज्ञानिक डॉ. नरेश ने बताया कि मॉनसून अब पूरे देश में फैल चुका है, जिसमें राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के बचे हुए हिस्से भी शामिल हैं। इसकी वजह यह है कि कुछ दिन पहले बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का एक क्षेत्र बना था और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए यह एक डिप्रेशन में बदल गया। अभी यह दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे इलाकों में एक स्पष्ट कम दबाव वाला क्षेत्र बना हुआ है। आज उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में आज और कल बहुत भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली-NCR के लिए आज भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

  • 1:18 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    गाजियाबाद में गड्ढे में गिरी कार और स्कूटी

    गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में अटल चौक के पास गड्ढे में एक कार और एक स्कूटी गिर गई। भारी बारिश की वजह से गड्ढा हो गया था और उसमें कार-स्कूटी समा गई। यहां भारी बारिश की वजह से लोग परेशानी में हैं।

  • 12:57 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    दिल्ली के रंजीत नगर में कार पर गिरा पेड़

    दिल्ली में लगातार हो रही बारिश का असर अब देखने को मिल रहा है। रंजीत नगर के A ब्लॉक में एक बड़ा पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से वहां खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के चलते पेड़ कमजोर हो गया था, जिसके बाद वह सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और पेड़ को हटाने का काम शुरू कर दिया गया। (इनपुट- कुमार सोनू)

  • 12:30 PM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    दिल्ली के राजेंद्र नगर में सड़क पर गिरा पेड़

    दिल्ली के राजेंद्र नगर में एक पेड़ सड़क पर गिर गया है। भारी बारिश की वजह से ये घटना हुई है और पेड़ गिरने के कारण ट्रैफिक जाम लग गया। इसके बाद MCD के कर्मचारियों को सूचना दी गई है और पेड़ हटाने की कवायद जारी है।

  • 11:56 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    इंदिरापुरम में अंडरपास के पास पानी में बंद हो गईं कई गाड़ियां

    गाजियाबाद में इंदिरापुरम में अंडरपास के पास बारिश का पानी भर गया है। यहां भारी जलभराव के कारण कई गाड़ियां पानी में फंसकर बंद हो गई हैं। इसकी वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

  • 11:36 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    गुरुग्राम-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर लगा भारी जाम

    गुरुग्राम-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर जाम लग गया है। जयपुर से दिल्ली जाने वाले रास्ते पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है। गुरुग्राम के राजीव चौक से लेकर सरहॉल टोल तक रेंग-रेंगकर वाहन चल रहे हैं। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के जवान सड़क पर तैनात हैं और ट्रैफिक जाम खुलवाने की कोशिश कर रहे हैं।

  • 11:20 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    गाजियाबाद-नोएडा की 100 इमारतों में भरा पानी

    दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच, गाजियाबाद के कई घरों में पानी भर गया है। भारी बारिश से दिल्ली-NCR में जनजीवन ठप है। बताया जा रहा है कि गाजियाबाद-नोएडा की करीब 100 इमारतों में पानी भर गया है। दफ्तर जाने वालों लोगों को परेशानी हो रही है।

  • 11:13 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    गाजियाबाद में शिप्रा अंडरपास के पास भी जलभराव

    गाजियाबाद में शिप्रा अंडरपास के पास भी जलभराव हो गया। यहां घुटनों तक सड़क पर पानी भर गया। अंडरपास से गुजरने वाले वाहनों को जलभराव की वजह से काफी परेशानी हुई। सड़क पर पानी भरने की वजह से वाहनों की रफ्तार धीमी भी हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।

  • 10:52 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    गाजीपुर के पास NH-24 पर भरा पानी, पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी

    दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर गाजीपुर के पास NH-24 पर जल-जमाव हो गया है। कल रात से हो रही भारी बारिश के कारण NH-24 पर पानी भर गया है। इस वजह से ट्रैफिक की आवाजाही प्रभावित हो रही है। ट्रैफिक अधिकारी और NHAI पानी हटाने के काम में लगे हुए हैं। गाजियाबाद से दिल्ली आने वाले वाहन चालकों को सलाह दी जाती है कि वे दिल्ली में प्रवेश करने के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल करें: सेक्टर-62 से वसुंधरा होते हुए बुद्ध चौक जाएं, फिर मोहन नगर की ओर बढ़ें और अंत में सीमापुरी से दिल्ली में प्रवेश करें।

  • 10:26 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    गाजियाबाद के अभयखंड में भी सड़कें जलमग्न

    यूपी में गाजियाबाद के अभयखंड इलाके में लोग पानी से भरी सड़कों से गुजर रहे हैं, क्योंकि गाजियाबाद में बीती रात से लगातार बारिश हो रही है। वीडियो में कारों का पहिया आधा डूबा हुआ दिखाई दिया। वहीं, ऑटो के पहिए करीब-करीब पूरे ही डूबे हुए दिखाई दिए।

  • 10:13 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में हुआ जलभराव

    भारी बारिश की वजह से गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में जलभराव हो गया, जिससे रोजाना आने-जाने वालों और लोकल लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मूसलाधार बारिश के बाद इंदिरापुरम की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं। इसकी वजह से वाहनों की रफ्तार थम गई।

  • 9:27 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    दिल्ली के मुनिरका में सड़क पर भरा पानी

    भारी बारिश की वजह से दिल्ली के मुनिरका में सड़क पर पानी भरा हुआ दिखाई दिया। इस वजह से गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई है। देर रात से मुनिरका और पीतमपुरा समेत दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश हो रही है। इसका वीडियो भी सामने आया है।

  • 9:10 AM (IST)
    Posted by Vinay Trivedi

    3 घंटे में दिल्ली में 34.9 मिलीमीटर की रिकॉर्ड बारिश

    IMD के मुताबिक, बीती देर रात 2:30 बजे से सुबह 5:30 बजे के बीच सिर्फ 3 घंटे में दिल्ली में 34.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अगले कुछ घंटों के लिए भी मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। साथ ही, लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। (रिपोर्ट- अनामिका गौड़)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।