1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में CJP प्रदर्शन के चलते 10 अक्टूबर के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन रास्तों में किया जा सकता है बदलाव; हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया

दिल्ली में CJP प्रदर्शन के चलते 10 अक्टूबर के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन रास्तों में किया जा सकता है बदलाव; हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया

 Reported By: Atul Bhatia,  Written By: Vinay Trivedi
 Published : Oct 09, 2026 09:29 pm IST,  Updated : Oct 09, 2026 09:35 pm IST

दिल्ली में 10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शन के आह्वान के चलते पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली पुलिस ने हालात को देखते हुए धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान और पंचकुइयां समेत तमाम रास्तों में बदलाव की आशंका जताई है।

Delhi traffic advisory- India TV Hindi
दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी। Image Source : PTI (प्रतीकात्मक फोटो)

10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए शनिवार सुबह 6 बजे से दिल्ली की कई सड़कों पर ट्रैफिक बदला जा सकता है। हालात के हिसाब से कुछ रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक या बदलाव भी किया जा सकता है।

लोगों से की गई समय से पहले घर से निकलने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे सेंट्रल दिल्ली और नई दिल्ली की ओर जाने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को खास तौर पर अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है।

इन इलाकों में ट्रैफिक हो सकता है प्रभावित

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, मिंटो रोड, गुरु नानक चौक और कनॉट प्लेस के आसपास ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद, सम्राट होटल गोल चक्कर, भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग फ्लाईओवर, जनपथ-टालस्टॉय रोड चौराहा, रेल भवन, संसद मार्ग, पटेल चौक, गोल डाकखाना और आरएमएल अस्पताल के आसपास भी ट्रैफिक में बदलाव हो सकता है।

पुलिस ने साफ किया है कि ट्रैफिक में बदलाव का फैसला मौके के हालात को देखकर लिया जाएगा। जरूरत के हिसाब से रास्तों पर पाबंदियां लगाई जा सकती हैं या उनमें राहत दी जा सकती है।

सिर्फ जरूरी काम होने पर ही घर से निकलें

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम होने पर ही प्रभावित इलाकों की ओर जाएं। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और एयरपोर्ट जाने वाले लोग घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ताकि उन्हें रास्ते में परेशानी न हो। वर्ना आप दिल्ली के ट्रैफिक में फंस सकते हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी किया जारी

ट्रैफिक से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in और सोशल मीडिया अकाउंट @dtptraffic देख सकते हैं। किसी भी तरह की मदद के लिए ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा, दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन भी आज रात से अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

ये भी पढ़ें- बैरिकेडिंग, डिटेंशन सेंटर और बॉडी कैमरे भी..., CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने कैसी तैयारी की है?

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।