1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. भारी बारिश का कहर, दिल्ली में गिरी इमारत, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 3, FIR दर्ज

भारी बारिश का कहर, दिल्ली में गिरी इमारत, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 3, FIR दर्ज

 Written By: Vineeta Mandal
 Published : Jul 09, 2026 12:28 pm IST,  Updated : Jul 09, 2026 12:28 pm IST

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक इमारत गिरने के हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि रात भर चले बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो और शव निकाले गए।

दिल्ली में इमारत गिरने से हुआ बड़ा हादसा- India TV Hindi
दिल्ली में इमारत गिरने से हुआ बड़ा हादसा Image Source : INDIA TV

देश की राजधानी दिल्ली में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। दिल्ली के रोहिणी में एक इमारत गिर गई। इस हादसे में अबतक 3 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। यह दर्दनाक हादसा बीते बुधवार को हुई। घटना की सूचना मिलते ही बचाव अभियान मौके पर पहुंच गई। इस पूरे घटना की जांच की जा रही है।  पुलिस ने गुरुवार को बताया कि उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी में इमारत गिरने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। रात भर चले बचाव अभियान के दौरान मलबे से दो और शव निकाले गए।

पुलिस के अनुसार, इस घटना के संबंध में एक एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। इस हादसे में एक मजदूर घायल भी हुआ है। इससे पहले अधिकारियों ने घायलों की संख्या पांच बताई थी। फिलहाल FIR की विस्तृत जानकारी तुरंत सामने नहीं आ पाई है।

बता दें कि भारी बारिश के बीच निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत गिरने के बाद बुधवार शाम को बचाव अभियान शुरू किया गया था। रोहिणी के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) शशांक जायसवाल ने एक आधिकारिक बयान में बताया, 'अभियान के दौरान, सद्दाम उर्फ ​​रवि (32) नाम के एक मजदूर को मलबे से जिंदा निकाला गया और इलाज के लिए भेजा गया।' उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के दौरान तीन शव बरामद किए गए हैं। 

मृतकों की पहचान स्थानीय दर्जी राम (42), मजदूर कफे उर्फ ​​नूरुल (24) और राम दुआ (62) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है मृतक राम दुआ इमारत के मालिक के पिता थे। राम को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डीसीपी ने बताया कि लंबी खोजबीन के बाद मलबे से दो अन्य शवों को बाहर निकाला गया। बचाव अभियान लगभग पूरा हो चुका है। 

बयान में कहा गया है कि यह सुनिश्चित करने के लिए मलबा हटाने का काम चल रहा है कि कोई और फंसा न हो। DCP जायसवाल के मुताबिक, घटना के संबंध में FIR दर्ज की गई है और इमारत गिरने के सही कारण की जांच की जा रही है।

बुधवार को MCD स्कूल के पास ढही इमारत

इमारत बुधवार शाम करीब 4:20 बजे सेक्टर 16 में MCD स्कूल के पास प्रॉपर्टी नंबर G-4/152 और G-4/153 पर गिरी। पुलिस, DFS, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF), म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ऑफ दिल्ली (MCD), राजस्व विभाग और अन्य एजेंसियों ने मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी का इस्तेमाल करते हुए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया।

अंदर चल रहा था प्लंबिंग का काम

MCD ने बुधवार को कहा कि गिरी हुई इमारतों को SARAL योजना के तहत बिल्डिंग प्लान की मंजूरी मिली थी। इस योजना के तहत प्रॉपर्टी के मालिक सर्टिफाइड आर्किटेक्ट या इंजीनियर के ज़रिए खुद से वेरिफाइड अंडरटेकिंग जमा करके ऑटोमैटिक मंजूरी और बिल्डिंग परमिट पा सकते हैं। नगर निकाय के शुरुआती आकलन के मुताबिक, जब इमारत गिरी तो उसके अंदर प्लंबिंग का काम चल रहा था और बीम व कॉलम जैसे स्ट्रक्चरल हिस्सों की ड्रिलिंग या कटिंग की वजह से भी यह घटना हो सकती है। हालांकि, MCD ने कहा कि घटना की असल वजह का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चलेगा।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में आग की लपटों में घिरी महिला तीसरी मंजिल से कूदी, पति से झगड़े के बाद उठाया खौफनाक कदम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।