1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली प्रोटेस्ट को लेकर CM रेखा गुप्ता बोलीं- "आज जो कुछ हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण", पुलिस की तारीफ भी की

दिल्ली प्रोटेस्ट को लेकर CM रेखा गुप्ता बोलीं- "आज जो कुछ हुआ, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण", पुलिस की तारीफ भी की

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Oct 10, 2026 11:45 pm IST,  Updated : Oct 10, 2026 11:45 pm IST

दिल्ली में हुए प्रोटेस्ट को लेकर सीएम रेखा गुप्ता का बयान सामने आया है। इस दौरान उन्होंने दिल्ली पुलिस के जवानों के धैर्य की तारीफ भी की है।

CM Rekha Gupta- India TV Hindi
सीएम रेखा गुप्ता Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: दिल्ली में शनिवार को हुए प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अपने एक्स हैंडल पर बयान जारी किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली की सड़कों पर आज जो भी हुआ, वह दु्र्भाग्यपूर्ण है।

रेखा गुप्ता ने और क्या कहा?

रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली की सड़कों पर आज जो कुछ हुआ, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस + आप + लेफ्ट + CJP के लोगों ने विरोध के नाम पर खुलेआम तांडव किया। शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी दिल्ली पुलिस और सभी सुरक्षा बलों को उकसाया गया और जानबूझकर टकराव की स्थिति पैदा करने प्रयास किया गया।"

रेखा ने कहा, "दिल्ली के मेरे भाई-बहनों, आपने इस कठिन समय में जिस धैर्य और समझदारी का परिचय दिया, उसके लिए हम आपके आभारी हैं। आंदोलनजीवियों ने दिल्ली के सौहार्दपूर्ण माहौल को ख़राब करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन हमारी पुलिस और सुरक्षा बलों की कर्तव्यनिष्ठा के चलते सब ठीक रहा।"

सीएम ने दिल्ली पुलिस की तारीफ की

सीएम रेखा ने कहा, "मैं दिल्ली पुलिस के जवानों को विशेष रूप से साधुवाद देती हूं। उन्होंने धैर्य नहीं खोया। पूरी जिम्मेदारी और सूझबूझ से हालात को संभाला और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।"

सीएम रेखा ने कहा, "हम सुनिश्चित करेंगे कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा, सुविधा और सामान्य जनजीवन में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आने पाए। कानून अपना काम पूरी दृढ़ता से करेगा।"

राहुल और केजरीवाल पर भी साधा निशाना

सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर ही अपने एक पोस्ट में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आप नेता केजरीवाल पर निशाना साधा। रेखा गुप्ता ने कहा, "देशवासियों द्वारा रिजेक्टेड नेता राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल, अपनी बी-टीम CJP के साथ मिलकर दिल्ली को अखाड़ा बनाना चाहते हैं। आख़िर ये नेता, अपनी नॉनस्टॉप हार की खीझ, जनता पर उतारने पर क्यों तुले हैं? सड़कों पर अव्यवस्था से परेशान होने वाले दिल्लीवासियों का क्या दोष है?"

रेखा गुप्ता ने कहा, "काम पर जाने वाले कर्मचारियों, रोज कमाकर परिवार चलाने वाले श्रमिकों और अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की परेशानी की जिम्मेदारी कौन लेगा? क्या आपकी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं दिल्ली के लाखों परिवारों की रोजी-रोटी, सुरक्षा और शांति से भी बड़ी हैं? दिल्ली ने विकास के लिए वोट दिया। जनता के अभूतपूर्व आशीर्वाद के कारण पीएम मोदी भारत की निर्वाचन राजनीति के इतिहास में, लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले नेता बने। लेकिन परिवारवाद और अवसरवाद से ग्रसित दल, इस जनसमर्थन को हज़म ही नहीं कर पा रहे। अराजकता के साधक और ख़ुद को दिल्ली का मालिक की उपाधि देने वाले अरविंद केजरीवाल, राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्लीवासियों की शांति और सुरक्षा को भंग करने का प्रयास कर रहे हैं।  ज्ञात रहे, दिल्ली बंधक बनाने की छूट नहीं मिलेगी। लोकतंत्र की आड़ में अराजकता फैलाने और जनादेश को चुनौती देने की राजनीति का डटकर मुकाबला होगा।"

इससे पहले ये भी खबर सामने आई थी कि दिल्ली में विपक्षी नेताओं की एहतियातन हिरासत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती मिली है और रविवार को इस पर स्पेशल बेंच सुनवाई करेगी।

ये भी पढ़ें-

दिल्ली में 11 OCT को भी जारी रहेगा CJP का प्रदर्शन, जानें आज क्यों धरी की धरी रह गई उनकी सारी तैयारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।