1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 16 साल की शादी के बाद तीन तलाक, दो बेटों के सामने पत्नी को घर से निकाला

16 साल की शादी के बाद तीन तलाक, दो बेटों के सामने पत्नी को घर से निकाला

कानपुर में महिला ने पति पर तीन बार तलाक बोलकर मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि 8 अगस्त की रात दोनों बेटों के सामने पति ने तलाक दिया। करीब दो महीने थाने के चक्कर काटने के बाद 5 तारीख को FIR दर्ज की गई।

woman in Kanpur has accused her husband of divorcing her and throwing her out of the house.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर में एक महिला ने अपने पति पर तलाक देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है

उत्तर प्रदेश के कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र में तीन तलाक का मामला सामने आया है। 16 साल से पति के साथ रह रही महिला ने पति पर तीन तलाक देकर घर से निकालने, मारपीट करने और दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मीडिया के सामने अपना दर्द बयां करते हुए प्रशासन और सरकार से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आरोपी पति की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

दोनों बेटों के सामने तीन बार तलाक बोलने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक घटना 8 अगस्त की रात करीब 9 बजे की है। महिला का आरोप है कि पति ने दोनों बेटों के सामने उसे तीन बार तलाक कहा। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और घर से बाहर निकाल दिया गया। महिला का कहना है कि अचानक हुए इस घटनाक्रम के बाद वह अपने बच्चों के साथ मुश्किल स्थिति में आ गई। पीड़िता ने बताया कि उसका पति पिछले कई सालों से दहेज और मायके से पैसे लाने को लेकर दबाव बनाता था। आरोप है कि इसी बात को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। महिला ने पति पर कई बार मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।

दूसरी महिला के घर पति को पकड़ने का दावा

महिला ने अपने आरोपों में एक दूसरी महिला का भी जिक्र किया है। उसके मुताबिक, 7 जुलाई को उसने अपने पति को बांसमंडी इलाके में रहने वाली शक्रा नाज नाम की महिला के घर पकड़ा था। पीड़िता का दावा है कि इसको लेकर भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

करीब दो महीने थाने के चक्कर काटने का दावा

पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की, लेकिन उसे करीब दो महीने तक थाने के चक्कर लगाने पड़े। महिला के मुताबिक, 5 तारीख को आखिरकार मामले में FIR दर्ज की गई। अब पीड़िता आरोपी पति की गिरफ्तारी की मांग कर रही है। उसका कहना है कि 16 साल के वैवाहिक जीवन के बाद इस तरह घर से निकाले जाने से उसका परिवार टूट गया है। उसने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उसे न्याय दिलाने की अपील की है।

पुलिस का क्या कहना है?

मामले में डीसीपी अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि महिला की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

लखनऊ में गोमती नदी का कहर, पॉश इलाकों तक पहुंचा बाढ़ का पानी, इकाना स्टेडियम से टूर्नामेंट शिफ्ट

पिंडदान और पितरों की शांति के नाम पर ठगी, गांव-गांव घूम रहे ठगों से रहे सावधान; कई लोगों को लगा चुके चूना