1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली में बारिश बनी काल, जर्जर दीवार ढहने से चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बरेली में बारिश बनी काल, जर्जर दीवार ढहने से चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के गेनी गांव में बारिश के दौरान एक जर्जर दीवार गिरने से चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चे दुकान से सामान खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी दीवार उनके ऊपर ढह गई।

Bareily- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT फाइल फोटो

बरेली में लगातार हो रही बारिश के बीच एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। अलीगंज थाना क्षेत्र के गेनी गांव में जर्जर दीवार गिरने से एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चे दुकान से सामान खरीदकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक बच्चे चचेरे भाई-बहन

जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चों की पहचान 8 साल के अंशु और 6 साल के इशिका के रूप में हुई है।। दोनों चचेरे भाई-बहन थे। गुरुवार सुबह वे गांव की एक दुकान से खाने-पीने का सामान खरीदकर वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मौजूद एक पुरानी और जर्जर दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी। दोनों बच्चे मलबे में दब गए और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।

हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें बचाने की हरसंभव कोशिश की गई, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि दोनों चचेरे भाई-बहन के पिता सगे भाई हैं और रोजी-रोटी कमाने के लिए गांव से बाहर मजदूरी करते हैं। दोनों बच्चे अपनी दादी के साथ गांव में रह रहे थे। एक पल में हुए इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

बारिश के कारण कमजोर दीवार गिरने से हुआ हादसा

सूचना मिलने पर अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते वह अचानक ढह गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अलीगंज थाना क्षेत्र से सूचना मिली थी कि बारिश के चलते एक मकान की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 6 और 8 साल के एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोगों का कहना है कि गांव में कई पुराने और जर्जर मकान व दीवारें अब भी खतरनाक स्थिति में खड़ी हैं।

(रिपोर्ट: विकास साहनी)

यह भी पढ़े:

बरेली में बाप-बेटे और महिला की ठगी गैंग बेनकाब, नकली सोने से सुनारों को लगाते थे लाखों की चपत

बदायूं में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर, एनकाउंटर में दरोगा और सिपाही को भी लगी गोली