1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरे 2 मजदूर, दोनों की मौत

ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरे 2 मजदूर, दोनों की मौत

ग्रेटर नोएडा में एक निर्माणाधीन सोसाइटी में 2 मजदूर 14वीं मंजिल से गिर गए। इस हादसे में दोनों की जान चली गई। मृतकों की पहचान हो गई है।

Greater Noida- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ग्रेटर नोएडा में हादसा

ग्रेटर नोएडा: दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन इमारत की 14वीं मंजिल से 2 मजदूर गिर गए। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 19 साल के सरकार और 45 साल के जमाल शेख के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने इस मामले में जानकारी दी है। उन्होंने बताया, "थाना बिसरख क्षेत्र में निर्माणाधीन सोसाइटी में यह घटना हुई। दोनों मजदूरों की पहचान सरकार (19) और जमाल शेख (45) के रूप में हुई है। दोनों मजदूर पश्चिम बंगाल के कूच बिहार के निवासी थे। पुलिस ने बताया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।"

उन्होंने बताया, "घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना बिसरख पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना के संबंध में निर्माण स्थल पर मौजूद एक ठेकेदार को हिरासत में लिया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।"

बता दें कि दिल्ली एनसीआर में आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। निर्माण कार्य के दौरान अक्सर इस तरह के हादसे सिर्फ इसलिए होते हैं क्योंकि मौके पर सावधानियां नहीं बरती जातीं और कई बार गाइडलाइंस का भी पालन नहीं किया जाता।

दिल्ली में आईआईटी कैंपस से भी एक दर्दनाक खबर

आज ही दिल्ली के आईआईटी कैंपस से भी एक दर्दनाक खबर सामने आई थी। यहां एक M.Sc. छात्र ने 6वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी थी। छात्र की उम्र 31 साल थी। जिस समय ये घटना घटी, उस समय कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। छात्र की जेब से मोबाइल फोन मिला, जिसे जांच के लिए खंगाला जा रहा है।

इस मामले पर IIT दिल्ली का एक बयान भी सामने आया। इसमें कहा गया, "संस्थान 22 अगस्त 2026 को M.Sc. के एक छात्र की दुखद और असामयिक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करता है। दिल्ली पुलिस इस दुखद घटना की जांच कर रही है। हमारी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक-संतप्त परिवार के साथ हैं। संस्थान उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।" 

इससे पहले यूपी के चंदौली में काली मंदिर को हटाने की कार्रवाई के दौरान मलबे की चपेट में 2 लोग आए थे और इसमें एक मजदूर की मौत हो गई थी। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

मथुरा में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन मॉल की सेटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत, 1 की हालत गंभीर