1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन मॉल की सेटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत, 1 की हालत गंभीर

मथुरा में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन मॉल की सेटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत, 1 की हालत गंभीर

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Aug 21, 2026 11:26 am IST,  Updated : Aug 21, 2026 11:26 am IST

वृंदावन में मॉल का छज्जा गिरने और तीन मजदूरों की मौत के मामले का सीएम के संज्ञान लेने के बाद मौके पर एसएसपी श्‍लोक कमार के अलावा डीएम सीपी सिंह भी पहुंचे। उन्‍होंने पीड़ित के परिजनों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिया।

under construction mall- India TV Hindi
निर्माणाधीन मॉल में हुआ हादसा Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक बड़ा हादसा हो गया है। थाना कोतवाली वृंदावन क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मॉल की सेटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई। इस दुर्घटना में निर्माण कार्य में लगे तीन मजदूरों की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल मजदूर की नाजुक हालत को देखते हुए उसे तुरंत इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है।

राहत और बचाव कार्य जारी

हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया। मृत पाए गए मजदूर नेपाल और पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

निर्माणाधीन मॉल में हुए इस हादसे का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायल मजदूर के बेहतर उपचार की पूरी व्यवस्था की जाए।  सरकार इस पूरी घटना पर लगातार नजर बनाए हुए है।

डीएम और सीनियर अधिकारियों ने किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम) सीपी सिंह और सीनियर पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने मौके का जायजा लेते हुए चलाए जा रहे राहत बचाव कार्य की समीक्षा की। उन्होंने वहां मौजूद प्रशासनिक और पुलिस टीमों को जरूरी दिशानिर्देश दिए ताकि स्थिति को जल्द से जल्द नियंत्रित किया जा सके।

जांच के आदेश और सुरक्षा पर सवाल

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मजदूर सेटरिंग के नीचे काम कर रहे थे तभी अचानक सेटरिंग का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में इस बात का पता लगाया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सही से पालन हो रहा था या नहीं। इसके अलावा, सेटरिंग की गुणवत्ता और इसमें किस स्तर पर लापरवाही हुई है, इन सभी मुद्दों की गहराई से जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मथुरा से एम एस शर्मा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें-

2 साल के बेटे को नहीं पता… मां इस दुनिया में नहीं रही, 'मम्मी-मम्मी' की चीख से गूंज उठा अस्पताल

WhatsApp मैसेज ने खोल दिया बहन की हत्या का राज, एक साल बाद भाई ही हुआ गिरफ्तार, पुलिस को करता रहा गुमराह

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।