1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. अमेठी में टला बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी के सात डिब्बे पटरी से उतरे

अमेठी में टला बड़ा रेल हादसा, मालगाड़ी के सात डिब्बे पटरी से उतरे

अमेठी में 25 जुलाई को उस समय एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया, जब सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के 7 वैगन सुबह करीब पांच बजे पटरी से उतर गए।

Goods train wagons derailed- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे हुए।

उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में 25 जुलाई की सुबह एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। अमेठी के सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह इंडोरामा उर्वरक इकाई की साइडिंग पर खाद लेकर जा रही मालगाड़ी के सात वैगन सुबह करीब पांच बजे पटरी से उतर गए। राहत की बात रही कि कोई वैगन पलटा नहीं और चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। मालगाड़ी के 7 डिब्बे पटरी से उतरने की सूचना मिलने के साथ रेलवे के इंजीनियरिंग, परिचालन विभाग और आरपीएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।

अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर ट्रैक बहाली का कार्य शुरू कराया

अमेठी में शनिवार सुबह मालगाड़ी के 7 डिब्बे पटरी से उतरने की सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर ट्रैक बहाली का कार्य शुरू कराया। हादसे में साइडिंग ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से इंडोरामा इकाई में मालगाड़ियों की आवाजाही और खाद की लोडिंग प्रभावित हुई है। आरपीएफ निहालगढ़ के उपनिरीक्षक रमेश कुमार और स्टेशन अधीक्षक अमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही संचालन बहाल किया जाएगा। बता दें कि ट्रेन जैसे ही इंडोरामा साइडिंग के पास पहुंची अचानक अनियंत्रित हो गई और उसके 7 डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। हादसे के समय ट्रेन की गति धीमी होने से लोको पायलट को इसे नियंत्रित करने में अधिक समय नहीं लगा और सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को ब्रेक लगाकर रोक लिया। वहीं रेलवे प्रशासन इस घटना के कारणों की जांच में जुट गया है।

गाजियाबाद में भी कुछ दिन पहले पटरी से उतर गए थे मालगाड़ी के 6 डिब्बे

कुछ दिनों पहले गाजियाबाद और नई दिल्ली रेल मार्ग रूट पर यहां से गुजर रही एक सामान से लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए थे, जिसमें राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, सुबह के व्यस्त समय में हुए इस हादसे के कारण इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो गई थी। रेलवे प्रशासन द्वारा स्थिति से निपटने के लिए यातायात में बदलाव किए थे। मार्ग बाधित होने के कारण 24 ट्रेनों को दिल्ली-नई दिल्ली के वैकल्पिक रास्ते से डायवर्ट किया गया था।

(रिपोर्ट - आलोक श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

बिना तलाक दूसरी शादी रचा रहा था पति; पहली पत्नी ने पुलिस बुलाकर रुकवाया निकाह

सहारनपुर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 2 लोगों की मौत, दो मजदूर लापता; शरीर के अंग कटकर दूर जा गिरे