1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बिना तलाक दूसरी शादी रचा रहा था पति; पहली पत्नी ने पुलिस बुलाकर रुकवाया निकाह

बिना तलाक दूसरी शादी रचा रहा था पति; पहली पत्नी ने पुलिस बुलाकर रुकवाया निकाह

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 25, 2026 11:50 am IST,  Updated : Jul 25, 2026 11:50 am IST

कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मैरिज हॉल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शादी की रस्मों के बीच अचानक पहली पत्नी की धमाकेदार एंट्री हो गई। पत्नी ने हंगामे के बीच खुलासा किया कि दोनों के बीच अभी तक कानूनी तौर पर तलाक नहीं हुआ है।

Kanpur- India TV Hindi
कानपुर Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक मैरिज हॉल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शादी की रस्मों के बीच अचानक पहली पत्नी की धमाकेदार एंट्री हो गई। पहली पत्नी ने हंगामे के बीच खुलासा किया कि दोनों के बीच अभी तक कानूनी तौर पर तलाक नहीं हुआ है और पति चुपके से दूसरा निकाह करने जा रहा था। मामला बढ़ता देख मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई।

मैरिज हॉल में करीब एक घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर के एक मैरिज लॉन में 24 जुलाई को यहां एक इंटीरियर कारोबारी का दूसरा निकाह बड़ी धूमधाम से रचाया जा रहा था। रिश्तेदारों और मेहमानों की आवाजाही बनी हुई थी और शादी का जश्न चरम पर था। इसी बीच अचानक दूल्हे की पहली पत्नी अपनी बहन के साथ मैरिज हॉल पहुंच गई। पहली पत्नी के अचानक पहुंचने से समारोह में अफरा-तफरी मच गई। महिला ने खुद को दूल्हे की कानूनी पत्नी बताते हुए शादी का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। उसने वहां मौजूद मेहमानों और लड़की वालों को बताया कि पति बिना तलाक लिए धोखे से दूसरी शादी कर रहा है। इसके बाद मैरिज हॉल में करीब एक घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा और तनाव का माहौल बना रहा।

2022 में हुई थी शादी, कोर्ट में लंबित है मुकदमा

पीड़िता कानपुर के चमनगंज इलाके की रहने वाली है उसने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि उसका निकाह साल 2022 में कानपुर दक्षिण स्थित जूही लाल कॉलोनी में रहने वाले इंटीरियर कारोबारी के साथ हुआ था। साल 2024 में उसकी विदाई हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद दोनों के बीच घरेलू विवाद और अनबन शुरू हो गई। ऐसे में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कोर्ट तक पहुंच गया, जहां वर्तमान में मुकदमा विचारणीय है। महिला का आरोप है कि जब तक अदालत से कानूनी तौर पर वैवाहिक संबंध समाप्त नहीं हो जाते, तब तक किसी भी पक्ष को दूसरी शादी करने का कानूनी अधिकार नहीं है। इसके बावजूद उसके पति ने चोरी-छिपे दूसरे निकाह की तैयारियां पूरी कर लीं।

पड़ोसी के एक फोन से खुला राज

पीड़ित महिला दूल्हे की पहली पत्नी ने बताया कि उसे इस दूसरी शादी के बारे में कोई भनक तक नहीं थी। शुक्रवार रात पति के ही एक पड़ोसी ने उसे फोन करके सूचना दी कि श्यामनगर के मैरिज हॉल में उसके पति की दूसरी शादी हो रही है। ऐसे में सूचना मिलते ही पीड़िता ने तुरंत अपने पति, ससुर और अन्य ससुराल वालों से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी उसका फोन नहीं उठाया। शक गहराने पर वह बिना देर किए अपनी बहन के साथ सीधे मैरिज लॉन पहुंच गई। वहां पहुंचकर जब उसने निकाह का मंडप सजा देखा, तो उसके होश उड़ गए और उसने मौके पर ही इसका विरोध करना शुरू कर दिया।

रोज व्हाट्सएप पर होती थी बात, फिर भी दिया धोखा

महिला ने पुलिस और पत्रकारों के सामने एक और चौंकाने वाला दावा किया। उसने बताया कि कोर्ट में केस चलने के बावजूद उसके पति से उसका संपर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था। महिला के मुताबिक उसने बताया कि हम दोनों के बीच लगभग रोजाना व्हाट्सएप पर बातचीत होती थी और महीने में कई बार मुलाकात भी होती थी। मुझे जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह मेरे पीठ पीछे इतनी बड़ी साजिश रच रहा है। इसी अचानक मिले धोखे और अप्रत्याशित सूचना के कारण महिला ने मौके पर जाकर निकाह रुकवाने का सख्त फैसला लिया।

पुलिस की कार्रवाई और दूल्हा हिरासत में

हंगामे और गहमागहमी की सूचना मिलते ही चकेरी थाना पुलिस की टीम तुरंत श्यामनगर स्थित मैरिज लॉन में फोर्स समेत पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद वैधानिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दूल्हे को मौके से ही हिरासत में ले लिया और चौकी ले आई। खबर लिखे जाने तक देर रात तक पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत का दौर चलता रहा। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मांगी गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, वॉट्सऐप चैट और कानूनी पहलुओं की जांच के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट - अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें

कब्र खोदकर निकाला गया महिला का शव, बेटे ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

बलिया में दहला देने वाली वारदात, ट्यूबवेल पर सो रहे पूर्व प्रधान की ईंट-पत्थरों से कूचकर हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।