1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कब्र खोदकर निकाला गया महिला का शव, बेटे ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

कब्र खोदकर निकाला गया महिला का शव, बेटे ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 24, 2026 05:29 pm IST,  Updated : Jul 24, 2026 05:29 pm IST

अम्बेडकरनगर में मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस ने कब्र खोदकर महिला का शव निकलवाया। बेटे की तहरीर के बाद पुलिस ने कब्र से शव निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

Ambedkar Nagar- India TV Hindi
कब्र खोदकर पुलिस ने निकलवाया महिला का शव Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। करीब दस दिन पहले दफनाई गई एक महिला का शव शुक्रवार को प्रशासन की मौजूदगी में कब्र से बाहर निकाला गया। बेटे द्वारा अपनी ही मां की हत्या का आरोप पिता पर लगाए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव को बाहर निकाला गया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ होने की उम्मीद है कि महिला की मौत स्वाभाविक थी या उसके पीछे कोई साजिश छिपी है।

बेटे ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप

यह मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर बनेथू गांव का है। जानकारी के अनुसार, महिला की 13 जुलाई को मौत हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने शव को दफना दिया था। घटना के समय महिला का बेटा आकाश दिल्ली में था। घर लौटने के बाद उसे मां की मौत को लेकर संदेह हुआ और उसने 16 जुलाई को पुलिस में तहरीर देकर अपने पिता पर गंभीर आरोप लगाए। 

आकाश का कहना है कि उसके पिता का किसी दूसरी महिला से प्रेम संबंध था। उसका आरोप है कि इसी संबंध के चलते पिता ने उसकी मां की हत्या कर दी और मामले को दबाने के लिए जल्दबाजी में शव दफना दिया गया। बेटे की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत की अनुमति से शव को कब्र से निकलवाने का निर्णय लिया।

मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खोदी गई कब्र

शुक्रवार दोपहर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर महिला का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच अधिकारियों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस मामले की सबसे अहम कड़ी साबित होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है, ताकि महिला की मौत की असली वजह सामने आ सके।

(रिपोर्ट: अखंड प्रताप सिंह)

यह भी पढ़ें:

सांप से कटवा कर पति को मारने वाली दामिनी का होगा प्रेग्नेंसी टेस्ट, जेल में असाइन हुआ काम; मुस्कान भी है साथ

पांच लाख के मुआवजे के लालच में बेटा बना 'कातिल'! मां की गला घोंटकर हत्या, फिर बोला-'गुलदार ने मार डाला'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।