उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां वन विभाग से मिलने वाले पांच लाख रुपये के मुआवजे के लालच में एक बेटे ने अपनी ही मां की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने पूरे गांव और पुलिस को गुमराह करने के लिए ऐसा नाटक रचा कि हर किसी को लगा महिला की मौत गुलदार के हमले में हुई है। आरोपी ने खुद को भी मां को बचाने की कोशिश करने वाला बेटा बताया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी पूरी कहानी को झूठ साबित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
खेत में चारा लेने गई थी मां, बेटे ने वहीं रची खौफनाक साजिश
जानकारी के अनुसार, हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र निवासी बीरो देवी सोमवार को अपने बेटे बहाल सिंह के साथ खेत में चारा लेने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान बहाल सिंह ने सुनसान खेत में अपनी मां का गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया कि खेत में गुलदार ने उसकी मां पर हमला कर दिया और वह उन्हें बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन सफल नहीं हो सका।
'गुलदार ने मार डाला' कहकर जुटा ली भीड़, वन विभाग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
आरोपी की चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इलाके में पहले से गुलदार की दहशत होने के कारण लोगों ने उसकी बात पर भरोसा कर लिया। देखते ही देखते गांव में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि क्षेत्र में लगातार गुलदार दिखाई देने के बावजूद वन विभाग उसे पकड़ने में नाकाम रहा है, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ रही है।
मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण, लिखित आश्वासन मिलने के बाद उठा शव
घटना के बाद ग्रामीणों ने महिला का शव उठाने से इनकार कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के सामने मृतका के बेटे ने भी दावा किया कि उसने गुलदार से संघर्ष कर अपनी मां को बचाने की पूरी कोशिश की थी। ग्रामीणों ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की और तब तक शव नहीं उठने दिया, जब तक अधिकारियों ने 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का लिखित आश्वासन नहीं दिया। लिखित पत्र मिलने के बाद देर रात पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पलट दी पूरी कहानी
जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई तो पुलिस और वन विभाग दोनों हैरान रह गए। रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला के शरीर पर किसी जंगली जानवर के हमले का कोई निशान नहीं था। डॉक्टरों ने मौत का कारण गला घोंटना बताया। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस को पूरे मामले पर संदेह हुआ और जांच की दिशा बदल गई।
जांच में सामने आया मुआवजे के लिए रची गई थी साजिश
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि बहाल सिंह ने वन विभाग से मिलने वाले 5 लाख रुपये के मुआवजे को हासिल करने के लिए अपनी मां की हत्या की थी। इसके बाद उसने गुलदार के हमले की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस, वन विभाग और ग्रामीणों को गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
आरोपी बेटा हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ
हीमपुर दीपा थाना पुलिस ने आरोपी बहाल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
बिजनौर से रोहित त्रिपाठी की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
बाराबंकी में अनियंत्रित कार नाले में गिरी, SDM की तत्परता से बच गया बड़ा हादसा