उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में जिले में एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया। इस घटना में एक युवक ने लिव इन रिलेशन में रह रही युवती को मारकर उसे दुर्घटना दिखाने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर उसके शव को बोरे में भरकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था। पुलिस ने युवती का शव मिलने पर उसे दुर्घटना समझ शिनाख्त की फोटो और वीडियो वायरल किए जिसके बाद युवती के पिता और भाई ने एक माह बाद फोटो की शिनाख्त की और लिव इन पार्टनर पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जब जांच शुरू किया तो एक अलग ही सनसनीखेज खुलासा हुआ। जिसमें प्रेमी पति ने अपने दो बेटों और एक अन्य साथी के साथ मिलकर गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को बोर में भरकर ट्रैक्टर ट्राली में लादकर रेलवे ट्रैक पर दुर्घटना दिखने के लिए फेंक दिया था। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
बेटी की कोई जानकारी नहीं होने पर पिता ने पुलिस में दर्ज की थी शिकायत
फतेहपुर में सामने आए इस हैरान करने वाले मामले में मिली जानकारी के अनुसार 45 साल के व्यक्ति ने गांव के पड़ोस में रहने वाली रिश्ते में 20 साल की भतीजी को प्रेम जाल में फंसकर गांव में पंचायत के बाद युवती को शहर लेकर आ गया और राधानगर के भिखारीपुर में रहने लगा। लड़की के पिता जब काफी दिनों से बेटी की कोई जानकारी नही हुई तो पुलिस को तहरीर देकर बेटी के हत्या करने की आशंका जताई थी। फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के ग्राम धारूपुर औरई निवासी महावीर ने पुलिस को 20 जुलाई को तहरीर दी थी कि उसकी बेटी पुष्पा देवी को 11 अप्रैल 2025 को गांव के ही गंगासागर नामक युवक कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। उस समय थरियांव थाने में शिकायत भी दी गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की थी। इसके बाद पुष्पा देवी गंगासागर के साथ भिखारीपुर डिग्री कालेज राधा नगर के पास किराए के मकान में रहने लगी थी। पीड़ित के अनुसार उसकी बेटी अपनी बड़ी बहन शिव देवी से लगातार फोन पर संपर्क में रहती थी। अंतिम बार 16 जून 2026 को दोनों के बीच बातचीत हुई थी। इसके बाद से पुष्पा का कोई पता नहीं चल सका। 19 जुलाई को परिवार को सूचना मिली कि पिछले लगभग 15 दिनों से पूजा देवी का कोई अता-पता नहीं है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ट्रैक्टर ट्राली और बाइक बरामद की
इस मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया की थाना राधानगर पर महावीर लोधी द्वारा एक प्रार्थना पत्र दिया गया था जिसमें बताया गया कि उनकी बालिग बेटी पिछले लगभग एक साल से गंगा सागर नामक युवक के साथ घर से जाकर लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। लेकिन कुछ समय से उनकी बेटी से संपर्क नहीं हो पा रहा था आशंका व्यक्त की गई कि गंगा सागर द्वारा उनकी पुत्री की हत्या कर शव को कहीं छिपा दिया गया है। जिस पर थाना राधानगर में मुकदमा दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा सबूतों के आधार पर गहन पूछताछ के दौरान गंगासागर ने बताया कि 28 जून को उसने युवती की हत्या कर दी थी। घटना को दुर्घटना अथवा आत्महत्या का स्वरूप देने के उद्देश्य से उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर शव को ट्रैक्टर पर रखकर रेलवे ट्रैक पर ले जाकर छोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक ट्रैक्टर ट्राली और बाइक बरामद कर ली है और चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।
(रिपोर्ट -उमेश चन्द्रा)
ये भी पढ़ें
बाराबंकी में अनियंत्रित कार नाले में गिरी, SDM की तत्परता से बच गया बड़ा हादसा
इटावा में मेकअप आर्टिस्ट ने वीडियो रिकॉर्ड कर दी जान, कहा- दोस्तों ने कर दिया जीवन बर्बाद