Highlights
- ब्यूटीशियन ने मोबाइल फोन से गले में चादर का फंदा डालकर वीडियो बनाते हुए चार दोस्तों को ठहराया जिम्मेदार
- साढ़े तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था, कानपुर के निवासी पति बढ़पुरा ब्लॉक में क्लर्क के पद पर कार्यरत
उत्तर प्रदेश के इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के तहत वृंदावन कॉलोनी में रह रहे बढ़पुरा ब्लॉक में कार्यरत कनिष्ठ सहायक की पत्नी ने चादर से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले करीब 20 साल की कोमल मिश्रा ने मोबाइल फोन पर एक वीडियो बनाया, जिसमें गले में चादर डालकर फंदा लगाकर वीडियो बनाते हुए चार लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। उसमें चारों के नाम बताए हैं और कहा है कि इन लोगों ने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी है। इसके बाद यह वीडियो अपने पति को भेजा और आत्महत्या कर ली।
मृतक आश्रित में मिली है कोमल के पति को नौकरी
कोमल मिश्रा के पति सौरभ द्विवेदी बढ़पुरा ब्लॉक में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। उनको मृतक आश्रित में नौकरी मिली हुई है वह कानपुर के कल्याणपुर के निवासी हैं। साढ़े तीन वर्ष पहले कोमल मिश्रा के साथ लव मैरिज की थी, कोमल मिश्रा मेकअप आर्टिस्ट और ब्यूटीशियन के साथ-साथ इवेंट ऑर्गेनाइजर भी थी। कोमल ने लोगों के नाम बताए हैं, उनके साथ वह काम भी किया करती थी। उसने वीडियो में अपने पति की तारीफ करते हुए कहा कि वह अच्छे इंसान हैं, उनकी मौत के लिए किसी भी तरह उन्हें जिम्मेदार न ठहराया जाए।
चार लोगों पर लगाया लगातार परेशान करने का आरोप
जान देने से पूर्व कोमल मिश्रा ने वीडियो में रिकॉर्ड करते हुए बताया कि रूबी खान, सबीना खान, अभिषेक और रितेश उसे लगातार परेशान कर रहे थे। वह शादी से पहले की निजी बातों को पति और ससुराल वालों के सामने उजागर करने की धमकी देते थे। इस वजह से तनाव में रहते हुए आत्मघाती कदम उठा रही है। कोमल के दो छोटे बच्चे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
पुलिस कर रही है मामले की हर पहलू से जांच
पति सौरभ द्विवेदी ने बताया कि कोमल एक अच्छी इवेंट मैनेजर और मेकअप आर्टिस्ट थी। इवेंट में जाती थी, जयपुर से लौटी थी, उसके दोस्त लगातार एआई से वीडियो और फोटो बनाने के लिए ब्लैकमेल कर रहे थे। जिससे वह परेशान हो गई थी। सौरभ ने कहा कि उनके पास जब वीडियो आया, तब वे समझ पाए। उसको तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन में वीडियो मिले हैं, उस आधार पर जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर विधायक कार्रवाई की जाएगी।
इटावा से मुहम्मद फारिक की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
गाजियाबाद में घरेलू कलह ने लिया खूनी रूप, बेटों ने की माता-पिता की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार