कानपुर: काकादेव में पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती करने और शादी का झांसा देकर छह साल तक शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने बिलाल सलमानी पर आरोप लगाया है कि उसने फेसबुक के जरिए उससे संपर्क किया और अपना नाम समीर बताकर दोस्ती की। युवती के मुताबिक, बाद में उसे आरोपी की असली पहचान के बारे में पता चला। शिकायत के आधार पर काकादेव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
फेसबुक से शुरू हुई बातचीत, समीर बताकर बढ़ाई नजदीकी
पीड़िता के अनुसार, करीब छह साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक के जरिए उसकी आरोपी बिलाल से बातचीत शुरू हुई थी। आरोप है कि बिलाल ने अपनी पहचान छिपाकर उसे गुमराह किया और खुद को समीर के रूप में पेश किया इसके साथ ही धीरे-धीरे युवती का भरोसा जीतकर युवती से नजदीकी बढ़ा ली। युवती का कहना है कि इस दौरान आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। पीड़िता ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप लगाया है।

रुपये मांगने और विरोध पर मारपीट का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी उससे लगातार रुपये मांगता था। जब वह पैसे देने से इनकार करती या उसकी मांगों का विरोध करती, तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। युवती का यह भी आरोप है कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था। लगातार कथित उत्पीड़न से परेशान होकर उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। आपको बता दें कि इससे पहले यूपी के गाजियाबाद में जिम ट्रेनर के प्यार में पति की हत्या की साजिश का चौंकाने वाला खुलासा हुआ था। पुलिस ने मामले में पत्नी प्रिया शर्मा और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया था।
लखीमपुर का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिलाल सलमानी मूल रूप से लखीमपुर का रहने वाला बताया गया है। वह कानपुर के काकादेव इलाके में किराये के मकान में रह रहा था। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। काकादेव थाना प्रभारी के अनुसार पीड़ित युवती की शिकायत के आधार पर बिलाल सलमानी उर्फ समीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- "तुम्हें दिल्ली में बम ब्लास्ट के लिए चुना गया है", दोस्त को फोन कर डराना पड़ा भारी, छात्र गिरफ्तार