उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के थाना क्रोसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के वीर नगर मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो सगे बेटों ने मामूली घरेलू विवाद में अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दंपती को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दिल दहला देने वाली इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, वीर नगर निवासी गंगाशरण और उनकी पत्नी विमलेश का अपने बेटों दीपक और ललित के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों बेटों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आरोप है कि आक्रोशित होकर दीपक और ललित ने घर में रखे भारी सामान या डंडों से अपने माता-पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, लेकिन तब तक दंपती लहूलुहान होकर जमीन पर गिर चुके थे।
पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई
स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को इस घटने की सूचना दी। इसके तुरंत बाद क्रोसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल गंगाशरण और विमलेश को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के तुरंत बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी बेटों दीपक और ललित को हिरासत में ले लिया।
इस मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
गाजियाबाद के ग्रामीण जोन के डीसीपी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने इस मामले पर कहा कि दोनों आरोपी बेटों दीपक और ललित को पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद वीर नगर इलाके के लोगों में डर का माहौल है। फिलहाल पुलिस घरेलू कलह और जायदाद से जुड़े संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
गाजियाबाद से ज़ुबैर अख्तर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें:
पत्नी से हुआ झगड़ा, थाने में पति ने खुद को लगाई आग, बचाने में तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए