1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पत्नी से हुआ झगड़ा, थाने में पति ने खुद को लगाई आग, बचाने में तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए

पत्नी से हुआ झगड़ा, थाने में पति ने खुद को लगाई आग, बचाने में तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए

 Written By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Jul 14, 2026 11:53 pm IST,  Updated : Jul 14, 2026 11:53 pm IST

कानपुर में एक पति और पत्नी में लड़ाई हुई, बात थाने तक जा पहुंची। थाने पहुंचे पति ने अचानक खुद को आग लगा ली। उसे बचाने में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। जानें क्या था पूरा मामला?

युवक ने खुद को लगाई आग- India TV Hindi
युवक ने खुद को लगाई आग Image Source : REPORTER

कानपुर के महाराजपुर थाना परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अचानक थाने के मुख्य गेट पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते युवक आग की तेज लपटों में घिर गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान थाना प्रभारी जनार्दन सिंह, एक उपनिरीक्षक (दरोगा) और एक सिपाही भी झुलस गए। घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां युवक का इलाज जारी है।

थाने पहुंचे शख्स ने अचानक लगा ली आग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फुफवार गांव का रहने वाला युवक पेट्रोल से भरी बोतल या केन लेकर महाराजपुर थाने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसने पहले अपने पूरे शरीर पर पेट्रोल डाला और फिर थाना परिसर में प्रवेश करते ही खुद को आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और फरियादियों में हड़कंप मच गया। कुछ ही सेकंड में आग ने युवक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और वो बुरी तरह से जल गया।

तीन पुलिसकर्मी भी झुलस गए
घटना को देखते ही थाना प्रभारी जनार्दन सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी तुरंत युवक की ओर दौड़े। उन्होंने पानी और कंबल की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने की इस कोशिश में थाना प्रभारी, एक दरोगा और एक सिपाही भी झुलस गए। पुलिसकर्मियों की तत्परता से युवक को आग की लपटों से बाहर निकाला गया, जिसके बाद उसे तत्काल सरकारी वाहन से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना के बाद थाना प्रभारी स्वयं गंभीर रूप से झुलसे युवक को सरकारी वाहन से कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया। वहीं झुलसे पुलिसकर्मियों का भी प्राथमिक उपचार कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसकी निगरानी कर रहे हैं।

पति पत्नी के बीच हुआ था विवाद 
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग की लपटों में घिरा युवक लगातार एक ही बात दोहराता रहा "मुझे इंसाफ चाहिए।" इस बात को लेकर घटनास्थल पर मौजूद लोगों में कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पति पत्नी के मध्य विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। फिलहाल युवक के इस आत्मघाती कदम के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

हो रही पूछताछ, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। युवक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और उसके पारिवारिक विवाद, मानसिक स्थिति तथा अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सटीक जानकारी सामने आ सके। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और युवक के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:
पत्नी को उदयपुर घुमाया, मॉल में शॉपिंग कराई-फोटो खिंचवाए, फिर टैक्सी में गला घोंटकर मार डाला; हार्ट अटैक बताकर रचा ड्रामा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।