हैदराबाद: तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में 6 लोगों की बेरहमी से हत्या करने के मामले में वांछित 35 वर्षीय राजकुमार सोमवार को मृत पाया गया। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई है। डायल 100 को स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को कोथूर मंडल के पेंजरला में राजकुमार की लाश मिली। उसके मुंह से झाग निकल रहा था और शव के पास एक जहर की बोतल भी बरामद हुई है। ऐसे में माना जा रहा है कि हत्या के आरोपी ने सुसाइड किया है।
पुलिस ने बताया कि पेंजरला आरोपी राजकुमार के मामा का गांव है। पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज FIR में नामजद किसान पी. राजकुमार ने जमानत पर छूटते ही 10 जुलाई की रात छह लोगों की हत्या कर दी थी। मृतकों में एक नाबालिग लड़की, उस परिवार के दो सदस्य जिन्होंने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, और साथ ही उसकी अपनी पत्नी और दो बच्चे शामिल थे।
जेल से निकलते ही कातिल क्यों बना राजकुमार?
नाबालिग लड़की के परिवार की तहरीर पर, इस साल मई में लड़की का पीछा करने के आरोप में राजकुमार पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। इसी के चलते गुस्से में उसने शिकायत करने वाले परिवार के दो सदस्यों, एक नाबालिग बच्ची और हद तो यह है कि अपनी ही पत्नी व 2 मासूम बच्चों को मौत के घाट उतार दिया। छह लोगों की चाकू से हमला करके और गला रेतकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद उसने अपने पिता को फोन किया था और गुनाह कबूल करते हुए कहा था कि वह अपनी भी जान देने जा रहा है और फिर अपना मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।
आरोपी के पिता ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी थी। राजकुमार मौके से फरार हो गया था और तेलंगाना पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए 12 टीम गठित की थीं व बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
बदले की भावना से कर दी हत्या?
पुलिस का कहना है कि राजकुमार उस नाबालिग लड़की को पहले एक खेत में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और हत्या कर दी। इसके बाद उसने उसकी मां और दादी को भी बेरहमी से मार डाला। उसने बदले की भावना से इस हत्या को अंजाम दिया। जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी राजकुमार को पहले POCSO मामले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
राजकुमार पर जिन 6 लोगों की हत्या का आरोप लगा था, उसमें चिट्याला रुक्कम्मा (65), चिट्याला लक्ष्मी (45), नाबालिग लड़की (17), आरोपी की पत्नी पार्वती सरिता (30), आरोपी के दो बेटे परीक्षित (3) और दैविकक्षित (2) शामिल हैं।
शव के पास मिली कीटनाशक की एक बोतल
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि सोमवार को कोथुर पुलिस थाना इलाके में शव देखे जाने के बाद कुछ निवासियों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर यह जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को उसका शव मिला। शव के पास कीटनाशक की एक बोतल मिली है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमें आशंका है कि उसने कीटनाशक पी लिया था क्योंकि उसके मुंह से झाग निकल रहा था। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसके परिवार वालों को सूचित किया।
यह भी पढ़ें-
मामा के घर आई नाबालिग बच्ची को किया किडनैप, बारी बारी से सात युवकों ने किया गैंगरेप, छह गिरफ्तार