1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जिम ट्रेनर का खौफनाक खेल, सोते हुए पति पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, पत्नी से संबंधों का शक!

जिम ट्रेनर का खौफनाक खेल, सोते हुए पति पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, पत्नी से संबंधों का शक!

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Oct 26, 2026 10:47 pm IST,  Updated : Oct 26, 2026 10:47 pm IST

गाजियाबाद में जिम ट्रेनर से प्यार में बाधा बने पति को रास्ते से हटाने के लिए महिला ने हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FREEPIK

उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सोमवार सुबह करीब 5:15 बजे एक घर में घुसकर जिम ट्रेनर ने सोते हुए पति पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में पति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले में अकाउंटेंटे की पत्नी प्रिया को भी हिरासत में लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, वसुंधरा सेक्टर-1 के मकान संख्या 580 में 35 साल के शशांक कंथारिया अपनी पत्नी प्रिया शर्मा के साथ रहते थे। शशांक और प्रिया दोनों दिल्ली में नौकरी करते हैं। दोनों की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उनकी तीन साल की एक बेटी भी है।

बताया जा रहा है कि प्रिया पिछले कुछ महीनों से वसुंधरा के ही 'फिटनेस हेडक्वार्टर' नाम के जिम में एक्सरसाइज करने जाती थीं। इसी दौरान उनकी पहचान वहां के जिम ट्रेनर प्रताप सिंह से हो गई थी। आरोप है कि दोनों के बीच कथित नजदीकियों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

सोते वक्त किया गया हमला

सोमवार की सुबह प्रिया रोज की तरह जिम जाने के लिए घर से निकलीं। उनके जाते ही आरोपी जिम ट्रेनर प्रताप सिंह चुपचाप घर के अंदर दाखिल हो गया। इसके बाद उसने बेडरूम में सो रहे शशांक पर चाकू से ताबड़तोड़ छह वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से शशांक बुरी तरह जख्मी हो गए। शशांक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और सोसायटी के सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। सूझबूझ दिखाते हुए गार्ड और स्थानीय लोगों ने आरोपी जिम ट्रेनर को मौके पर ही दबोच लिया और तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी।

अस्पताल में भर्ती और पुलिस की जांच

सूचना मिलते ही इंदिरापुरम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में शशांक को उठाकर यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में पुलिस इस एंगल से भी गहराई से जांच कर रही है कि क्या पति को रास्ते से हटाने के लिए कोई सोची-समझी साजिश रची गई थी या नहीं। पुलिस घायल की पत्नी प्रिया शर्मा की भूमिका की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल था।

सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) इंदिरापुरम, सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस आरोपी और महिला से पूछताछ कर रही है। परिवार की तरफ से मिलने वाली शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज मामले की जांच लगातार जारी है।

गाजियाबाद से जुबैर अख्तर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

लखनऊ के सआदतगंज में सरेआम दो गुटों में अंधाधुंध फायरिंग, तीन लोगों की मौत

राहुल गांधी के काफिले की कई गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, कई लोग घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।