1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव की काउंटिंग से पहले पर्यवेक्षक अभय सिंह हटाए गए, प्रकाश बिंदु को मिली जिम्मेदारी; जानें क्यों

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव की काउंटिंग से पहले पर्यवेक्षक अभय सिंह हटाए गए, प्रकाश बिंदु को मिली जिम्मेदारी; जानें क्यों

 Reported By: Ruchi Kumar,  Written By: Malaika Imam
 Published : Oct 26, 2026 08:12 pm IST,  Updated : Oct 26, 2026 09:05 pm IST

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव की मतगणना से पहले चुनाव आयोग ने पर्यवेक्षक अभय सिंह को हटा दिया है। बीजेपी के बागी एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने अभय सिंह की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए आयोग को ईमेल भेजा था।

Election Commission- India TV Hindi
चुनाव आयोग Image Source : FILE (PTI)

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव की काउंटिंग से पहले निर्वाचन आयोग ने पर्यवेक्षक बदल दिया है। आयोग ने IAS अधिकारी अभय सिंह को इस जिम्मेदारी से हटा दिया है। उनकी जगह IAS अधिकारी प्रकाश बिंदु को नया पर्यवेक्षक बनाया गया है। इस चुनाव की मतगणना कल यानी 27 अक्टूबर को होनी है।

बागी एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने उठाए थे सवाल

दरअसल, बीजेपी के बागी एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने 23 अक्टूबर को मतदान के दिन निर्वाचन आयोग को ईमेल भेजकर अभय सिंह की नियुक्ति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने ईमेल में आरोप लगाया था कि अभय सिंह के खिलाफ वर्ष 2019 में अवैध खनन मामले में सीबीआई ने मुकदमा दर्ज किया था। देवेंद्र प्रताप सिंह ने सवाल उठाया था कि ऐसे अधिकारी की तैनाती में निष्पक्ष चुनाव कैसे हो सकता है। इसके बाद निर्वाचन आयोग ने अभय सिंह को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया। उनकी जगह अब प्रकाश बिंदु को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

11 सीटों पर हुए मतदान, कल काउंटिंग

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की 11 सीटों (5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान संपन्न हो चुका है, और इन सभी सीटों के लिए मतगणना कल यानी 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:00 बजे से निर्धारित केंद्रों पर शुरू होगी। इस चुनाव में कुल 152 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला करने के लिए लगभग 14.81 लाख मतदाताओं में से औसत रूप से 55.24% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, 11 सीटों की यह मतगणना राज्य के 7 प्रमुख शहरों (लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर) में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर की देख-रेख में संपन्न होगी।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) की जिन 11 सीटों पर चुनाव हुआ है, वो इस प्रकार से हैं:-  

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र (5 सीटें): -

  1. लखनऊ खंड स्नातक
  2. वाराणसी खंड स्नातक
  3. आगरा खंड स्नातक
  4. मेरठ खंड स्नातक
  5. इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (6 सीटें): -

  1. लखनऊ खंड शिक्षक
  2. वाराणसी खंड शिक्षक
  3. आगरा खंड शिक्षक
  4. मेरठ खंड शिक्षक
  5. बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक
  6. गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक

ये भी पढ़ें-

SIR पर सियासी घमासान के बीच विपक्ष को निर्मला सीतारमण की दो टूक, "शिकायत है तो अदालत जाएं, अपना पक्ष रख सकते हैं"

अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी पर एक और एक्शन, अब खाली करना होगा सरकारी आवास, सरकार ने थमाया नोटिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।