1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा फैसला, अखिलेश-मायावती समेत 44 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट देने की कर रही तैयारी

विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा फैसला, अखिलेश-मायावती समेत 44 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट देने की कर रही तैयारी

योगी आदित्यनाथ सरकार ने नेताओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। योगी सरकार, अखिलेश यादव और मायावती सहित कई प्रमुख नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट देने जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर ये एहतियाती कदम उठाया जा रहा है।

Bulletproof Jackets for up Leaders- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/PTI यूपी में प्रमुख नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी जाएगी।

यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार ने सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और बीएसपी सुप्रीमो मायावती समेत 44 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट देने की तैयारी है। सुरक्षा मुख्यालय ने करीब 10 लाख रुपये की लागत से बुलेटप्रूफ जैकेट्स खरीदी हैं। योगी सरकार के 11 मंत्रियों को भी बुलेटप्रूफ जैकेट्स मिलेंगी।

सुरक्षा और खुफिया इनपुट के मद्देनजर लिया गया फैसला

संजय निषाद और नंद गोपाल नंदी सहित कई मंत्रियों और नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट्स दी जाएंगी। बता दें कि सुरक्षा और खुफिया इनपुट को देखते हुए एहतियातन ये फैसला लिया गया है। Y श्रेणी से लेकर Z+ सुरक्षा वाले नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट्स दी जाएंगी।

मंत्री-विधायकों समेत कई प्रमुख नेताओं को मिली बुलेटप्रूफ जैकेट

जान लें कि इस लिस्ट में संगीत सोम और सुरेश राणा को भी शामिल किया गया है और उन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट के रूप में सुरक्षा कवच दिया जाएगा। मंत्री-विधायकों के अलावा दूसरे प्रमुख नेताओं को भी बुलेटप्रूफ जैकेट देने की व्यवस्था है।

सुरक्षा को लेकर योगी सरकार का बड़ा एहतियाती कदम

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार का ये बड़ा एहतियाती कदम है। हालांकि, बुलेटप्रूफ जैकेट देने की वजह पर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है। माना जा रहा है कि सुरक्षा एजेंसियों के मौजूदा सुरक्षा आकलन और इनपुट के आधार पर ही इस कदम को लिया गया है।  खासतौर से जिन सियासी नेताओं को पहले से सिक्योरिटी मिली हुई है, उनकी सिक्योरिटी को लेकर अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है।

चुनाव से पहले योगी सरकार का सुरक्षा व्यवस्था पर बढ़ा फोकस

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बड़े नेताओं की जनसभाओं, रैलियों और चुनावी दौरों के दौरान सिक्योरिटी को लेकर खास सावधानी बरती जाती है। ऐसे में बुलेटप्रूफ जैकेट के इंतजाम को सिक्योरिटी सिस्टम को मजबूत करने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पहले हाल ही में सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी में स्कूलों की दुर्दशा के आरोपों पर जवाब दिया था और बताया था 'ऑपरेशन कायाकल्प' के तहत स्कूलों और स्टूडेंट्स को क्या-क्या दिया गया है।

ये भी पढ़ें- स्कूलों की अव्यवस्था पर CM योगी सख्त, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश, कहा- जल्द किया जाए समाधान