1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पाकिस्तान से मिलकर गजवा-ए-हिंद की प्लानिंग करने वाला नबील गिरफ्तार, 'जिहाद करने के 44 तरीके' किताब का भी कर रहा था प्रचार

पाकिस्तान से मिलकर गजवा-ए-हिंद की प्लानिंग करने वाला नबील गिरफ्तार, 'जिहाद करने के 44 तरीके' किताब का भी कर रहा था प्रचार

यूपी ATS ने अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट की विचारधारा से जुड़े मोहम्मद नबील को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। उसका प्लान पाकिस्तान से मिलकर गजवा-ए-हिंद को अंजाम देना था।

Mohammad Nabeel Arrest- India TV Hindi
Image Source : ANI/REPORTERS INPUT UP ATS ने आजमगढ़ से नबील को अरेस्ट किया है।

यूपी ATS ने आजमगढ़ से उस मोहम्मद नबील को दबोचा है जो वक्त आने पर पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत पर गजवा-ए-हिंद की योजना बना रहा था। ये भी पता चला है कि आरोपी मोहम्मद नबील लोगों से आतंकी की लिखी 'जिहाद करने के 44 तरीके' किताब पढ़ने की अपील भी कर रहा था। दरअसल, यूपी ATS को इनपुट मिला था कि मोहम्मद नबील सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर, अन्य लोगों के साथ मिलकर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रच रहा है।

अलकायदा आतंकी से प्रभावित है मोहम्मद नबील

यूपी ATS को ये भी पता चला था कि मोहम्मद नबील, अलकायदा के आतंकी अनवर उल अवलाकी की विचारधारा से प्रेरित होकर, युवाओं को व्हाट्सऐप ग्रुप पर अपने साथ जोड़कर उन्हें मुजाहिद बनाने और इसके लिए पैसे जमा करने व अत्याधुनिक हथियारों की ट्रेनिंग लेने की योजना बना रहा है। यह भी मालूम हुआ कि इसके ग्रुप में जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ-साथ विदेशी लोग भी जुड़े हुए हैं।

कर रहा अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट की बातों का प्रचार

एटीएस की तरफ से इस सूचना की पुष्टि करने के बाद पता चला कि मोहम्मद नबील प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन अल कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट यानी AQIS की विचारधारा को प्रचारित और प्रसारित कर रहा है। वह भारत विरोधी गतिविधियों में लिप्त है। इसने सोशल मीडिया के इंक्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स पर ग्रुप बनाकर दूसरे लड़कों को भी इसमें जोड़ा। उन्हें जिहाद के लिए तैयार करने और जिहाद के काम के लिए धन इकट्ठा करने की योजना पर भी काम किया। इन बातों की पुष्टि होने के बाद नबील के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

"ला गालिब-इल्लल्लाह" नाम से बना रखा था ग्रुप

इसके बाद, आज (शनिवार को) यूपी एटीएस की टीम ने आरोपी मोहम्मद नबील को जिला आजमगढ़ से गिरफ्तार किया। मोहम्मद नबील के मोबाइल फोन की जांच में उसकी तरफ से प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन AQIS की विचारधारा को तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रसारित करने व अरबी भाषा में 'ला गालिब-इल्लल्लाह' नामक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाना पाया गया।

जिहाद, चाकू और केमिकल के लिए कोडवर्ड में करते थे बात

नबील की तरफ से ग्रुप मे जुड़े सदस्यों को मुजाहिद कहकर संबोधित किया जाता था। इसके अलावा, जिहाद, चाकू, केमिकल, प्लान आदि के लिए ट्रिप, पेन, जूस और प्रोजेक्ट जैसे कोड का इस्तेमाल किया जाता था। इस ग्रुप में मोहम्मद नबील ने अलकायदा के आतंकी अनवर उल अवलाकी की किताब, जिसका शीर्षक "जिहाद करने के 44 तरीके" है, शेयर की थी। साथ ही, सभी मुजाहिदीन से इस किताब को पढ़ने की अपील भी की थी।

नबील कर रहा था आतंकी की किताब पढ़ने की अपील

मोहम्मद नबील ने AQIS के पूर्व प्रमुख व आतंकी मौलाना आसिम उमर की किताब 'तीसरी जंग-ए-अजीम और दज्जाल' भी शेयर की थी। मोहम्मद नबील व्हाट्सऐप पर 'Flames of War' जैसे कई अन्य व्हाट्सएप ग्रुप्स में भी जुड़ा है, जिसमें अलग-अलग देशों जैसे- बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब आदि के लोग भी जुड़े हैं। इन ग्रुप्स में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा की विचारधारा को प्रसारित किया जा रहा है।

नबील की गजवा-ए-हिंद की प्लानिंग ने चौंकाया

मोहम्मद नबील ने दूसरे देशों जैसे- पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश में जाकर अपने मकसद को पूरा करने के लिए ट्रेनिंग करने व बम आदि बनाने की योजना बनाई थी। साथ ही बम बनाने की विधि से जुड़े वीडियो और पोटैशियम नाइट्रेट को पाने से जुड़ी प्लानिंग का भी खुलासा हुआ। नबील अपने साथियों से वक्त आने पर पाकिस्तान के साथ मिलकर भारत पर गजवा-ए-हिंद करने की योजना भी बना रहा था। फिलहाल, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद नबील को गिरफ्तारी के बाद कोर्ट के सामने पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले, UP ATS ने कानपुर से दो संदिग्धों को दबोचा था। उनके पाकिस्तान कनेक्शन की आशंका थी।

ये भी पढ़ें- जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े शख्स को UP ATS ने किया गिरफ्तार, चंदा लेकर पाकिस्तान भेजता था रुपये; बनना चाहता था मुजाहिद