1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 75 साल के बुजुर्ग और 30 साल की लड़की की शादी चर्चा में, सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय

75 साल के बुजुर्ग और 30 साल की लड़की की शादी चर्चा में, सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय

यूपी के औरैया में 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय रानी राजपूत की कथित प्रेम कहानी चर्चा में है। दोनों की इंगेजमेंट और शादी की तैयारियों का दावा किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर लोगों की राय बंटी हुई है।

up Auraiya Marriage old man young girl- India TV Hindi
Image Source : REPORTER बुजुर्ग की शादी बनी चर्चा का विषय।

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में 75 वर्षीय रामसुगर और 30 वर्षीय इंस्टाग्राम ब्लॉगर रानी राजपूत की कथित प्रेम कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों की उम्र में करीब 45 वर्ष का अंतर होने के कारण यह मामला लोगों के बीच खासा चर्चित है। दावा किया जा रहा है कि दोनों की करीब एक सप्ताह पहले सगाई हो चुकी है और अब शादी की तैयारियां चल रही हैं। हालांकि, इस रिश्ते और शादी को लेकर अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, रामसुगर सहार विकासखंड के अरियारी गांव के निवासी हैं। बताया जाता है कि रानी राजपूत पिछले करीब दो वर्षों से उनके घर आती-जाती थीं। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने और प्रेम संबंध बनने की बात कही जा रही है। रामसुगर की बेटी राधा भी यूट्यूबर हैं। उनके मुताबिक, रानी का परिवार में आना-जाना था और इस दौरान सभी मिलकर वीडियो शूट भी करते थे।

ब्यूटी पार्लर में सगाई होने का दावा

राधा के हवाले से दावा किया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले औरैया के एक ब्यूटी पार्लर में रामसुगर और रानी राजपूत की रिंग सेरेमनी हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराने की तैयारी है। हालांकि, शादी की तारीख और समारोह को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। आपको बता दें कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के बागपत से एक रिटायर्ड प्रिंसिपल के मोह-माया और घर छोड़कर मुनि बनने की खबर भी सामने आई थी।

सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं

औरैया की इस कथित प्रेम कहानी को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे उम्र की सीमाओं से परे प्रेम का मामला बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे इंस्टाग्राम पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए किया गया स्टंट मान रहे हैं। सगाई से जुड़ी गतिविधियों को लेकर भी चर्चाएं हैं, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

इंगेजमेंट शूट के दौरान तबीयत बिगड़ने की चर्चा

इस मामले में यह दावा भी सामने आया है कि इंगेजमेंट शूट के दौरान रामसुगर की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हालांकि, इस घटना की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इसलिए उनकी स्वास्थ्य स्थिति और घटना से संबंधित दावों को लेकर कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। फिलहाल, रामसुगर और रानी राजपूत के कथित रिश्ते, सगाई और शादी की तैयारियों को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। अब देखना होगा कि यह रिश्ता वास्तव में शादी तक पहुंचता है या सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं तक ही सीमित रहता है। (रिपोर्ट: दीपेंद्र सिंह)

ये भी पढ़ें- कारखाने में छह महीने तक जमाया भरोसा, फिर 18 किलो चांदी पर पिता-पुत्र ने किया हाथ साफ

मुस्कान और साहिल को मृत्युदंड, सौरभ की बेटी के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगा परिवार